रायपुर में स्वच्छता नियम तोड़ने वालों पर निगम का शिकंजा, 44,200 रुपए का जुर्माना



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में स्वच्छता को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। नगर निगम के जोन-6 की टीम ने मठपुरैना क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण कर गंदगी फैलाने, निर्माण एवं विध्वंस (सी एंड डी) वेस्ट खुले में डालने और दुकानों में डस्टबिन नहीं रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 44,200 रुपए का जुर्माना वसूला।

नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग और नगर निवेश विभाग की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान मठपुरैना स्थित एक बेकरी में स्वच्छता संबंधी शिकायत सही पाई गई। जांच में परिसर में गंदगी मिलने पर बेकरी संचालक को कड़ी चेतावनी दी गई और आर्थिक दंड लगाया गया।

अभियान के दौरान जोन क्षेत्र के कई स्थानों पर सी एंड डी वेस्ट (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट) खुले में पड़ा मिला। निगम अधिकारियों ने संबंधित भवन मालिकों को नोटिस जारी करते हुए भविष्य में मलबा सार्वजनिक स्थानों पर नहीं फैलाने की चेतावनी दी। नियमों का उल्लंघन करने पर आर्थिक दंड भी लगाया गया।

निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में डस्टबिन नहीं पाए गए और दुकानों के आसपास कचरा फैला हुआ मिला। निगम टीम ने दुकानदारों को तत्काल डस्टबिन रखने तथा परिसर में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नियमों की अवहेलना करने वाले व्यापारियों पर भी जुर्माना लगाया गया।

इस कार्रवाई में जोन स्वास्थ्य अधिकारी आदिव्य हाजरी, स्वच्छता निरीक्षक महेंद्र कलिहारी, अजय शर्मा, अभिषेक जायसवाल सहित स्वास्थ्य एवं नगर निवेश विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। गंदगी फैलाने, कचरा प्रबंधन नियमों का उल्लंघन करने और सार्वजनिक स्थानों पर मलबा डालने वालों के खिलाफ शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS MATHPURENANEWS RAIPURMATHPURENANEWS SWACHATANIYAMTODNEVALOPARKARRVAINEWS GANDAGIFAILANEVALOPARNIGAMKASHIKANJANEWS 44,200KAJURMANANEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER