पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित भलपहरी गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शादीशुदा महिला की मौत के चार दिन बाद मायके पक्ष की शिकायत पर प्रशासन ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया। परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, विनीता पाटले की शादी करीब 8 साल पहले मुकेश पाटले से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले विनीता की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। पेट दर्द की शिकायत पर पहले उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, फिर निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रायपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पति मुकेश का कहना है कि विनीता पीलिया और खून की कमी से पीड़ित थी, जिसके चलते उसकी जान गई। 19 मई को मायके और ससुराल पक्ष की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार कर शव दफना दिया गया था।
हालांकि, मौत के चार दिन बाद मायके पक्ष ने इसे संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। शिकायत के बाद शुक्रवार को भारी पुलिस बल, तहसीलदार, स्वास्थ्य विभाग और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर शव बाहर निकाला गया और पोस्टमॉर्टम कराया गया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही विनीता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पति मुकेश आए दिन मारपीट और गाली-गलौज करता था। कई बार उसे घर से भी निकाल दिया गया था। परिवार वालों का कहना है कि बच्चों के भविष्य को देखते हुए हर बार समझौता कर विनीता को वापस ससुराल भेजा जाता रहा।
मृतका की बड़ी मां कौशिल्या ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले मुकेश ने विनीता को फांसी लगाकर मारने की कोशिश भी की थी। उन्होंने बताया कि हाल ही में मुकेश कुछ लोगों को पंच-सरपंच बताकर गिधौरी पहुंचा और समझाइश के नाम पर विनीता को अपने साथ ले गया था।
परिजनों का दावा है कि मौत के बाद शव को नहलाते समय शरीर पर चोट के कई निशान दिखाई दिए थे। नाक और मुंह से खून निकलने की बात भी सामने आई। इसके बावजूद बिना पोस्टमॉर्टम जल्दबाजी में शव दफना दिया गया। परिवार का कहना है कि विनीता कुछ दिन पहले तक पूरी तरह स्वस्थ थी और एक शादी समारोह में डांस भी कर रही थी।
उधर, उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच कराई गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

User 1









