रायपुर में अवैध शराब पर भड़के सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंच से अधिकारियों को लगाई फटकार



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में बढ़ती अवैध शराब बिक्री को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल एक बार फिर सख्त तेवर में नजर आए। सुशासन तिहार शिविर के दौरान उन्होंने खुले मंच से आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। सांसद का यह बयान सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है, वहीं कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कार्यक्रम के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जब आम लोगों को यह जानकारी है कि किन इलाकों में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है, तो फिर पुलिस और आबकारी विभाग को इसकी भनक क्यों नहीं लगती। उन्होंने अधिकारियों की निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर असर दिखाई देना चाहिए।

सांसद ने राजधानी के भाठागांव, मठमुरैना और संतोषी नगर जैसे इलाकों का नाम लेते हुए दावा किया कि वहां खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अवैध कारोबार करने वाले लोग चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई कर जेल भेजा जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध शराब का कारोबार समाज और खासकर युवाओं को गलत दिशा में धकेल रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से इस बयान को अहम माना जा रहा है, क्योंकि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद सुशासन और कानून व्यवस्था को लेकर लगातार सख्ती का संदेश दिया जा रहा है। ऐसे में सत्ताधारी दल के वरिष्ठ सांसद द्वारा सार्वजनिक मंच से अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना प्रशासन के लिए भी एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।

यह पहला मौका नहीं है जब सांसद बृजमोहन अग्रवाल का सख्त अंदाज चर्चा में आया हो। इससे पहले रायपुर जिले के आरंग स्थित नगर पंचायत समोदा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान भी उनका एक वीडियो वायरल हुआ था। उस दौरान शिकायत मिलने पर उन्होंने नायब तहसीलदार को फटकार लगाते हुए कहा था, “आपका अभिनंदन करें कि क्या करें बताओ।” यह बयान भी काफी चर्चा में रहा था।

राजधानी में अवैध शराब के मुद्दे को लेकर सांसद की खुली नाराजगी के बाद अब निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिक गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पुलिस और आबकारी विभाग अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर सकते हैं।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS SANSADBRIJMOHANAGRAVALNEWS BRIJMOHANAGRAVALNEWS AVIDHSARABKOLEKARBHADKESANSADNEWS RAIPURMEAVIDHSARABNEWS RAIPURMEAVIDHSARABKOLEKARBHADKEBRIJMOHANAGRAVALNEWS

You might also like!