पब्लिक स्वर,खैरागढ़। खैरागढ़ जिले में शनिवार सुबह विद्युत लाइन के आसपास पेड़ कटाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से बिजली विभाग के एक ठेका कर्मी की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं। मृतक की पहचान ग्राम पेंड्रीकला निवासी हेमंत साहू (45) पिता स्वर्गीय बंशीलाल साहू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार हेमंत साहू शनिवार सुबह अन्य कर्मचारियों के साथ टोलागांव क्षेत्र में विद्युत लाइन के पास पेड़ कटाई का काम कर रहा था। इसी दौरान पेड़ की एक डाल अचानक चालू विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई। डाल के संपर्क में आते ही तेज करंट फैल गया और हेमंत उसकी चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ में काम कर रहे कर्मचारियों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि विद्युत लाइन के पास काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं किए गए। कर्मचारियों का आरोप है कि यदि लाइन पूरी तरह बंद कर तकनीकी जांच के बाद काम कराया जाता तो हादसा टाला जा सकता था।
वहीं बिजली विभाग की ओर से प्रभारी सहायक अभियंता मदलसा विश्वकर्मा ने बताया कि जिस फीडर क्षेत्र में पेड़ कटाई का कार्य चल रहा था, उसे बंद कराया गया था। हालांकि लाइन लंबी होने के कारण दूसरी ओर से प्रवाहित करंट वाली लाइन के संपर्क में पेड़ की डाल आ गई, जिससे यह दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि हेमंत साहू लंबे समय से बिजली विभाग में ठेका कर्मी के रूप में काम कर रहे थे। वे अपने व्यवहार और मिलनसार स्वभाव के कारण क्षेत्र में काफी परिचित थे। अचानक हुई इस घटना से पेंड्रीकला सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर है।

User 1










