Header Ad


स्टंट के आरोप में गिरफ्तार युवक का बेखौफ अंदाज, जेल जाते हुए शेयर किया वीडियो



post

पब्लिक स्वर,दुर्ग। सड़क पर खतरनाक स्टंट करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि युवक ने यह वीडियो पुलिस वाहन के अंदर बैठकर बनाया और अपनी गिरफ्तारी को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए सार्वजनिक कर दिया। वीडियो में वह हाथ में लगी हथकड़ी दिखाते हुए मुस्कुराता नजर आ रहा है और विक्ट्री साइन भी बनाता दिखाई देता है। वायरल वीडियो के साथ युवक ने कथित तौर पर कैप्शन लिखा, "आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल", जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। घटना दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

सड़क पर स्टंट करते हुए वायरल हुआ था वीडियो

जानकारी के अनुसार, सुपेला पुलिस ने शनिवार शाम प्रेस नोट जारी कर बताया था कि युवराज सोनी (20 वर्ष) को सड़क पर खतरनाक स्टंट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक से सार्वजनिक सड़क पर स्टंट कर रहा था। इस दौरान वह बाइक के स्टैंड को सड़क पर घसीटकर चिंगारियां निकाल रहा था, जिससे न केवल उसकी बल्कि अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस वैन में बनाई रील

बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस आरोपी को हथकड़ी लगाकर न्यायालय ले जा रही थी, उसी दौरान उसने पुलिस वाहन के भीतर ही अपना वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में आरोपी पहले अपने हाथों में लगी हथकड़ी दिखाता है और फिर हंसते हुए विक्ट्री साइन बनाता नजर आता है। दावा किया जा रहा है कि पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की जानकारी सार्वजनिक किए जाने के करीब तीन घंटे बाद, रात लगभग 10 बजे यह वीडियो आरोपी के इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर अपलोड किया गया।

सोशल मीडिया पर उठे सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे कानून के प्रति लापरवाही और बेखौफ रवैये का उदाहरण बता रहे हैं, जबकि कई यूजर्स पुलिस हिरासत के दौरान मोबाइल फोन के उपयोग को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि वीडियो किस परिस्थिति में रिकॉर्ड और अपलोड किया गया।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DURGNEWS SUPELATHANANEWS DURGSUPELANEWS STANTKEAROPMEGIRAFTAARNEWS STANTKEAROPMEGIRAFTAARYOUVAKKABEKHAUFANDAJNEWS STANTBAJKABEKHUFANDAJNEWS

You might also like!