पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र से खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है। करेलीबड़ी गांव में एक मासूम बच्ची द्वारा खरीदी गई फ्रूटी के पैक के अंदर फंगस जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। बच्ची ने जूस का सेवन भी कर लिया था, जिसके बाद परिजन उसे एहतियातन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। फिलहाल बच्ची डॉक्टरों की निगरानी में है और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, करेलीबड़ी निवासी बच्ची ने गांव के ही एक जनरल स्टोर से फ्रूटी खरीदी थी। घर पहुंचकर जब वह जूस पी रही थी, तभी परिजनों की नजर पैक के अंदर तैर रही एक संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। करीब से देखने पर वह फंगस या किसी दूषित पदार्थ जैसी दिखाई दी। यह देखते ही परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। अधिकारियों ने संबंधित जनरल स्टोर पहुंचकर जांच की और उसी बैच की फ्रूटी के नमूने जब्त कर परीक्षण के लिए भेज दिए। विभाग अब यह भी पता लगा रहा है कि संबंधित उत्पाद किस डिस्ट्रीब्यूटर या होलसेल सप्लायर के जरिए दुकान तक पहुंचा था।
खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर पैक के भीतर फंगल ग्रोथ जैसी सामग्री दिखाई दे रही है, लेकिन इसकी पुष्टि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रिटेल स्तर पर भंडारण और बिक्री की प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल इस घटना ने पैक्ड खाद्य और पेय पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी खाद्य उत्पादों की नियमित जांच और बाजार में बिक रहे पैकेज्ड सामान की गुणवत्ता पर सख्त निगरानी की मांग की है। खाद्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी पैक्ड खाद्य पदार्थ में असामान्यता दिखने पर उसका सेवन न करें और तत्काल विभाग को इसकी सूचना दें।

User 1












