पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में पुलिस अभिरक्षा से एक एनडीपीएस आरोपी के फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एएसआई समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी की सुरक्षा और निगरानी में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। वहीं फरार आरोपी के खिलाफ एक और मामला दर्ज कर उसकी तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 11 जून 2026 को सिहावा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपी पलाश गजभिए (32 वर्ष), पिता किशोर गजभिए, निवासी कचूरवाही, नागपुर (महाराष्ट्र) को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया था। आरोपी की सुरक्षा अभिरक्षा में सहायक उप निरीक्षक सोनचंद डहरिया, आरक्षक अजय नेताम, डीएसएफ आरक्षक हिमेश नेताम तथा महिला आरक्षक डिगेश्वरी साहू तैनात थे। चिकित्सीय परीक्षण के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने तत्काल जांच कराई।
सुरक्षा प्रोटोकॉल की अनदेखी पर कार्रवाई
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों ने निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया। इसे कर्तव्य के प्रति गंभीर उदासीनता और घोर लापरवाही मानते हुए एसपी ने चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबित अधिकारियों और कर्मचारियों का मुख्यालय रक्षित केंद्र धमतरी निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता एवं अन्य देय सुविधाएं मिलती रहेंगी।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने फरार आरोपी पलाश गजभिए के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत एक और अपराध दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने पुलिस अभिरक्षा में आरोपियों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं विभागीय स्तर पर मामले की विस्तृत जांच भी जारी है।

User 1













