Header Ad


AIU ने प्रो. राजीव चौधरी को बनाया राष्ट्रीय समिति का अध्यक्ष, खेल प्रतियोगिताओं के आवंटन का करेंगे नेतृत्व



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) के वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं खेल प्रशासक प्रो. (डॉ.) राजीव चौधरी को अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ (Association of Indian Universities-AIU) ने महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जिम्मेदारी सौंपी है। AIU ने उन्हें सत्र 2026-27 की अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं के आवंटन के लिए गठित राष्ट्रीय समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसे न केवल PRSU बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

AIU की यह समिति देशभर के विश्वविद्यालयों से प्राप्त प्रस्तावों का विस्तृत परीक्षण करेगी और यह तय करेगी कि किस विश्वविद्यालय को कौन-सी अंतर-विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिता आयोजित करने की जिम्मेदारी दी जाए। समिति खेल अधोसंरचना, खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के लिए आवास, परिवहन व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, तकनीकी एवं मानव संसाधन, सुरक्षा प्रबंधन तथा पूर्व में आयोजित प्रतियोगिताओं के अनुभव जैसे महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर निर्णय लेगी।

प्रो. राजीव चौधरी वर्तमान में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में अधिष्ठाता छात्र कल्याण (DSW), स्कूल ऑफ स्टडीज़ इन लॉ के विभागाध्यक्ष तथा स्कूल ऑफ स्टडीज़ इन फिजिकल एजुकेशन के विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। इससे पूर्व वे विश्वविद्यालय में शारीरिक शिक्षा संकाय के डीन का दायित्व भी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं। खेल शिक्षा, विश्वविद्यालय प्रशासन और खेल आयोजनों के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए AIU ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस नियुक्ति को संस्थान और राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। प्रशासन का कहना है कि यह सम्मान विश्वविद्यालयीय खेलों के विकास, प्रभावी खेल प्रबंधन और प्रो. चौधरी के वर्षों के योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मिली स्वीकृति का प्रतीक है।

AIU देशभर के विश्वविद्यालयों के बीच खेल, शिक्षा और अकादमिक गतिविधियों के समन्वय का प्रमुख संगठन है। ऐसे में राष्ट्रीय समिति के अध्यक्ष के रूप में प्रो. राजीव चौधरी की भूमिका आगामी सत्र की अंतर-विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं के सफल एवं पारदर्शी आयोजन के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उनके नेतृत्व में प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए योग्य विश्वविद्यालयों का चयन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाएगा, जिससे देश में विश्वविद्यालयीय खेलों को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, RAIPUR NEWS, AIU NEWS, AIU NE PROFESSOR RAJIV CHAUDHARY KO BANAYA RASHTRIY SAMITI KA ADHYAKCHA NEWS, PROFESSOR RAJIV CHAUDHARY NEWS, KHEL PRATIYOGITAON KE AVANTAN KA NETRITV NEWS, PRSU NEWS,

You might also like!