Header Ad


ताजिया जुलूस के कारण रायपुर के कई रास्ते रहेंगे बंद, पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में शुक्रवार को देशभर के साथ राजधानी रायपुर में भी मुहर्रम मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के विभिन्न इलाकों से ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे, जिन्हें लेकर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की है। जुलूस के दौरान दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से जीई रोड के प्रभावित हिस्से में जाने से बचें।

इन इलाकों से निकलेंगे ताजिया जुलूस

राजातालाब, मोमीनपारा, अमीनपारा, छोटापारा, बैजनाथपारा, नेहरू नगर, संजय नगर, टिकरापारा सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे। सभी जुलूस निर्धारित मार्गों से होते हुए रात करीब 10 बजे चौबे कॉलोनी स्थित करबला तालाब पहुंचेंगे, जहां उनका समापन होगा।

यह रहेगा मुख्य जुलूस मार्ग

ताजनगर, ईरानी डेरा और राजातालाब से निकलने वाले ताजिए नुरानी चौक पहुंचने के बाद पंडरी बस स्टैंड, मरही माता चौक, मौदहापारा मस्जिद गली, गुरूनानक चौक, राठौर चौक, रामसागरपारा, बढ़ईपारा, मोमीनपारा, आजाद चौक, आमापारा और आरकेसी के सामने से होते हुए चौबे कॉलोनी स्थित करबला तालाब पहुंचेंगे।

इन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

रायपुर से दुर्ग-भिलाई जाने वाले वाहन शास्त्री चौक से महिला थाना चौक, कालीबाड़ी चौक, पचपेड़ी नाका और रिंग रोड-1 होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

जीई रोड पर चलने वाली सिटी बसें शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक जाने के बजाय कालीबाड़ी चौक, पचपेड़ी नाका और रिंग रोड-1 के रास्ते संचालित होंगी।

टाटीबंध से शहर की ओर आने वाले वाहन जुलूस के दौरान टाटीबंध चौक से रिंग रोड-1 तथा एनआईटी के पास से डंगनिया गोल चौक मार्ग की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।

पुरानी बस्ती, लाखेनगर, सुंदर नगर, डंगनिया और दुर्ग-भिलाई की ओर जाने वाले वाहन कालीबाड़ी चौक, संतोषी नगर जलगृह मार्ग और भाठागांव चौक होकर आवागमन कर सकेंगे।


इन मार्गों पर रहेगा प्रवेश प्रतिबंधित

जुलूस के दौरान आजाद चौक से आश्रम तिराहा और चौबे कॉलोनी तक जीई रोड से जुड़ने वाले सभी संपर्क मार्गों पर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इन मार्गों से आने वाले ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों की ओर मोड़ा जाएगा।

पुलिस की अपील

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक शास्त्री चौक से चौबे कॉलोनी टर्निंग के बीच जीई रोड का उपयोग करने से बचें। यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही घर से निकलें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।

मुहर्रम के अवसर पर शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, RAIPUR NEWS, TAJIYA JULOOS NEWS, RAIPUR KE KAI RASTE RAHENGE BAND NEWS, TAJIYA JULOOS KE CALTE RAIPUR KE KAI RASTE RAHENGE BAND NEWS, POLICE NE JARI KIYA DAYVARJAN PALAN NEWS, DAYVARJAN PALAN NEWS

You might also like!