पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में ‘मोंगरी’ मछली के नाम पर प्रतिबंधित मांगुर मछली की खुलेआम बिक्री का मामला सामने आया है। एक YouTuber द्वारा बनाए गए वीडियो के वायरल होने के बाद यह मुद्दा चर्चा में आ गया है। वीडियो में मछली विक्रेता कैमरा देखकर घबराते हुए यह पूछता सुनाई दे रहा है कि “आप मीडिया वाले हो क्या?”, जिस पर वीडियो बनाने वाला युवक जवाब देता है कि वह यूट्यूब के लिए वीडियो बना रहा है।।वीडियो के सामने आने के बाद रायपुर की मछली मंडियों में प्रतिबंधित मांगुर मछली की बिक्री को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि जहरीली मांगुर मछली को “मोंगरी” बताकर आम लोगों को बेचा जा रहा है।
WHO की सिफारिश के बाद कई जगहों पर प्रतिबंध
जानकारी के अनुसार मांगुर मछली को लेकर पहले भी स्वास्थ्य संबंधी गंभीर चिंताएं जताई जा चुकी हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की सिफारिशों और पर्यावरणीय कारणों के चलते भारत के कई राज्यों में इसके पालन और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया था। नियमों के तहत इस मछली के उत्पादन, पालन और विक्रय पर कार्रवाई का प्रावधान है। हालांकि, प्रदेश में खुले बाजारों में इसकी बिक्री लगातार जारी रहने के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग, मत्स्य विभाग और प्रशासन की अनदेखी के कारण यह कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है।
कई जिलों में पालन और सप्लाई का दावा
सूत्रों के मुताबिक रायपुर, दुर्ग, अभनपुर, माना, डुंडा-सेजबहार, धमतरी, चारामा (कांकेर), जगदलपुर, बसना, सरायपाली, बलौदाबाजार, मंदिर हसौद, खरोरा और तिल्दा-नेवरा सहित कई इलाकों में छोटे तालाबों और एनीकटों में मांगुर मछली का पालन किया जा रहा है। वहीं, इसे अलग-अलग नामों से बाजारों में सप्लाई किए जाने की बात भी सामने आ रही है।
प्रशासनिक कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद अब लोगों ने मांग की है कि प्रशासन मछली बाजारों में अभियान चलाकर जांच करे और प्रतिबंधित मछलियों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करे। साथ ही खाद्य एवं स्वास्थ्य विभाग से बाजार में बिक रही मछलियों की गुणवत्ता और सुरक्षा की जांच कराने की भी मांग उठ रही है।

User 1












