जन्मदिन पार्टी के दौरान टूटी बीयर की बोतल को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट



post

पब्लिक स्वर,भिलाई/दुर्ग। दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र में जन्मदिन पार्टी के दौरान टूटी बीयर की बोतल को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात थाने तक पहुंच गया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान हाथ-मुक्कों, डंडों और लोहे की रॉड तक का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, बीजेपी कैंप-1 मंडल कोषाध्यक्ष और पूर्व सैनिक राजेश चौधरी ने अपने घर के सामने टूटा बीयर का कांच साफ करने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। दोनों पक्षों के बीच पहले गाली-गलौज हुई, फिर मारपीट शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात दोनों पक्ष समझौते की बात करने छावनी थाने पहुंचे थे। इसी दौरान राजेश चौधरी के साथ पहुंचे बीजेपी मंडल उपाध्यक्ष गुरुचरण बग्गा पर गाली-गलौज करने का आरोप लगा, जिसके बाद माहौल फिर से बिगड़ गया। थाना परिसर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर धक्का-मुक्की हुई। पुलिसकर्मियों के साथ भी झूमाझटकी की स्थिति बन गई।

वायरल वीडियो में कुछ लोग थाना परिसर के भीतर टेबल-कुर्सियों पर चढ़कर वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि उस समय थाना प्रभारी मौके पर मौजूद नहीं थे। बाद में उनके पहुंचने पर दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज की गई और देर रात एफआईआर दर्ज हुई।

क्या है पूरा मामला?

पहले पक्ष की ओर से दीपक पासी ने शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि 20 मई को उसके दोस्त मनीष देवांगन का जन्मदिन था। पार्टी के दौरान वह बीयर लेने गया था। लौटते समय उसकी बाइक राजेश चौधरी के घर के सामने फिसल गई, जिससे बीयर की बोतल टूट गई।

दीपक का आरोप है कि इसी बात पर राजेश चौधरी और उनके भाई गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर हाथ-मुक्कों और डंडों से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त सुजीत गुप्ता पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उसके सिर और हाथ में चोट आई।

वहीं दूसरे पक्ष की ओर से राजेश चौधरी ने भी शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि पड़ोस में जन्मदिन पार्टी के दौरान काफी शोर-शराबा हो रहा था। इसी दौरान दीपक पासी की बाइक फिसलने से बीयर की बोतल टूट गई। जब उन्होंने सफाई करने के लिए कहा तो दीपक ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

राजेश के अनुसार, दीपक कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ वापस लौटा और हमला कर दिया। इस दौरान उनके भाइयों के साथ भी मारपीट की गई और उनकी कार का कांच तोड़ दिया गया। दीपक पासी ने आरोप लगाया है कि थाने में समझौते के दौरान गुरुचरण बग्गा की गाली-गलौज के बाद विवाद और बढ़ गया।

पुलिस ने दीपक पासी की शिकायत पर गाली-गलौज और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं बीजेपी नेता राजेश चौधरी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ बलवा समेत अन्य धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DURGNEWS BHILAINEWS DURGBHILAINEWS CHAVNITHANANEWS JANDINPARTYSESHURUHUWAVIVADNEWS THANEAKPAHUNCHAJANMDINSESHURUHUWAVIVADNEWS CHAVNITHANABANAAKHADANEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER