पब्लिक स्वर,कवर्धा। कवर्धा जिले में लापता युवती की तलाश के दौरान पुलिस ने देह व्यापार के एक कथित नेटवर्क का खुलासा किया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के घोठिया बायपास रोड स्थित एक मकान में दबिश देकर पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में तीन युवतियों और एक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में मकान में देह व्यापार संचालित होने की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पकड़ी गई युवतियां कोरबा और बिलासपुर की रहने वाली बताई जा रही हैं। हालांकि जिस युवती की तलाश में पुलिस वहां पहुंची थी, वह मौके पर नहीं मिली। पुलिस फिलहाल उसकी तलाश में जुटी हुई है।
रिश्तेदारों की सूचना से खुला मामला
जानकारी के मुताबिक अंबिकापुर निवासी एक युवती पिछले कुछ समय से लापता है। युवती के रिश्तेदार बुधवार को कवर्धा पहुंचे थे। उन्हें सूचना मिली थी कि युवती घोठिया बायपास रोड स्थित किरण पनागर के मकान में मौजूद है। इसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद मांगी। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को वहां तीन युवतियां और एक युवक संदिग्ध हालत में मिले। पुलिस सभी को थाने लेकर पहुंची और पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान मकान में कथित रूप से देह व्यापार संचालित होने का खुलासा हुआ।
पुलिस ने दर्ज किया केस
मामले में पुलिस ने युवक और युवतियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर विधिवत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मकान संचालक और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।सिटी कोतवाली थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने बताया कि अंबिकापुर से आए लोगों ने गुमशुदा युवती की तलाश में पुलिस से सहयोग मांगा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घोठिया बायपास स्थित मकान में दबिश दी, जहां जांच के दौरान मामला संदिग्ध पाया गया और आगे की कार्रवाई की गई।

User 1











