पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नगपुरा कड़ाड, सेंवर, धमनी, झाल, कया और बरतोरी की बदहाल एवं जर्जर सड़कों को लेकर गुरुवार को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ संगठन के पदाधिकारी एसडीएम कार्यालय पहुंचे और सड़क निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह उखड़ चुकी हैं। जगह-जगह बड़े गड्ढे, कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, किसानों, मजदूरों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के युवा अध्यक्ष मनोज कौशिक ने कहा कि शासन-प्रशासन की लगातार अनदेखी के कारण ग्रामीण रोजाना दुर्घटना के खतरे के बीच सफर करने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जिससे भारी वाहनों और एम्बुलेंस तक का संचालन प्रभावित हो रहा है।
वहीं, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना बिल्हा ब्लॉक अध्यक्ष नागेश साहू ने प्रशासन से मांग की कि नगपुरा कड़ाड, सेंवर सहित आसपास के गांवों की सड़कों का तत्काल निरीक्षण कर जल्द मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला अध्यक्ष शैलू ठाकुर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। सड़क निर्माण की मांग को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।

User 1











