जिम से पैदल घर लौट रही महिला डॉक्टर से चेन स्नैचिंग, आरोपी गिरफ्तार



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में महिला डॉक्टर से चेन स्नैचिंग का मामला सामने आया है। जिम से पैदल घर लौट रही डॉक्टर के गले से एक युवक ने सोने की चेन झपट ली। हालांकि वारदात के तुरंत बाद डॉक्टर के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान रेहान साहू के रूप में की है। वहीं पीड़ित महिला डॉक्टर का नाम डॉ. कृतिका यदु बताया गया है। घटना की पुष्टि सिविल लाइन थाना पुलिस ने की है।

जिम से लौटते समय हुई वारदात

सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक घटना एसबीआई के रीजनल ऑफिस के पास स्थित गली में हुई। पीड़ित डॉक्टर महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने बैरन बाजार इलाके में रहती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम करीब 6 बजे वह जिम से पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए युवक ने उनके गले में पहनी सोने की चेन पर झपट्टा मारा और भागने लगा। अचानक हुई घटना से डॉक्टर घबरा गईं, लेकिन उन्होंने तुरंत शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाई और आरोपी का पीछा शुरू कर दिया।

लोगों की सतर्कता से पकड़ा गया आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी तेजी से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रेहान साहू बताया। इसके बाद लोगों ने उसे सिविल लाइन पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना में स्थानीय नागरिकों की सक्रियता से आरोपी तुरंत गिरफ्त में आ गया, जिससे पुलिस को बड़ी राहत मिली।

चेन बरामद, लेकिन डायमंड लॉकेट गायब

पीड़िता के मुताबिक छीनी गई सोने की चेन में डायमंड का लॉकेट भी लगा हुआ था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की चेन बरामद कर ली है, लेकिन डायमंड लॉकेट अब तक नहीं मिल पाया है। डॉक्टर ने चेन और लॉकेट की कुल कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई है। पुलिस आशंका जता रही है कि भागने के दौरान आरोपी ने लॉकेट कहीं फेंक दिया हो सकता है। आसपास के इलाके में उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस जांच जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले से किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहा है या नहीं। राजधानी में लगातार सामने आ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर उन इलाकों में जहां शाम के समय महिलाओं की आवाजाही ज्यादा रहती है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS SIVILLAINENEWS RAIPURSIVILLAINNEWS JIMSELAUTRAHIFOCTARSECAINLOOTNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER