दवा दुकानों के बंद को लेकर अलर्ट मोड पर प्रशासन, मरीजों से की खास अपील



post

पब्लिक स्वर,दुर्ग। ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा 20 मई 2026 को देशभर में एक दिवसीय दवा व्यापार बंद का आह्वान किया गया है। इस राष्ट्रव्यापी बंद का असर दुर्ग जिले में भी देखने को मिलेगा, जहां अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। इसे लेकर जिला दुर्ग केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट संघ ने कलेक्टर कार्यालय में अग्रिम सूचना देते हुए ज्ञापन सौंप दिया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आम नागरिकों, विशेष रूप से गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी नियमित और जीवनरक्षक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक पहले से खरीदकर सुरक्षित रख लें, ताकि बंद के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इन मरीजों को विशेष सतर्क रहने की सलाह

प्रशासन ने डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, अस्थमा, हृदय रोग, कैंसर और मिर्गी जैसी गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि ऐसी बीमारियों में दवा की एक दिन की भी कमी मरीज की स्थिति को गंभीर बना सकती है।

आपात स्थिति में कहां मिलेगी दवा?

दवा व्यापार बंद के बावजूद जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित न होने देने के लिए कई वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। आदेश के अनुसार— जिला चिकित्सालय, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र, श्री धनवंतरी जेनरिक मेडिकल स्टोर्स, 20 मई को अनिवार्य रूप से खुले रहेंगे। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मरीजों को आवश्यक दवाइयों के लिए भटकना न पड़े।

प्रशासन ने संघ से की शांतिपूर्ण बंद की अपील

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने दवा विक्रेता संघ से बंद को शांतिपूर्ण और वैधानिक तरीके से आयोजित करने की अपील की है। साथ ही यह भी कहा गया है कि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक दवाओं की आपूर्ति बाधित न होने दी जाए।प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग और दवा विक्रेता संघ के बीच लगातार समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल सहायता मिल सके।

सहायता के लिए संपर्क नंबर जारी

किसी भी प्रकार की परेशानी या जानकारी के लिए प्रशासन ने दवा विक्रेता संघ के पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं— वकार हसन कामदार (अध्यक्ष) – 9826421919

दीपक बंसल (सचिव) – 9827476558


ऑनलाइन फार्मेसी बनाम पारंपरिक मेडिकल स्टोर

दरअसल, देशभर के केमिस्ट संगठन लंबे समय से ऑनलाइन फार्मेसी के बढ़ते कारोबार का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि बिना पर्याप्त नियंत्रण और निगरानी के ऑनलाइन दवा बिक्री मरीजों की सुरक्षा और पारंपरिक दवा व्यापार दोनों के लिए चुनौती बन रही है। इसी मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर यह बंद बुलाया गया है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS BANDRAHEGIMEDICALDUKANENEWS DAVAFUKANOKEBANDKOLEKARALARTMODEMEPRASASANNEWS

You might also like!