पब्लिक स्वर,सूरजपुर। सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और शराब के नशे ने तीन माह के एक मासूम की जान ले ली। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव और परिवार में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, पति और पत्नी दोनों शराब के नशे में थे। किसी घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे वहीं पास में लेटे अपने तीन माह के दुधमुंहे बच्चे पर गिर पड़े।
इस घटना में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने तत्काल बच्चे को संभालने और उपचार की कोशिश की, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। आखिरकार बच्चे ने दम तोड़ दिया। तीन माह के नवजात की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद लटोरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला शराब के नशे में हुए विवाद और उसके दौरान हुए हादसे से जुड़ा बताया जा रहा है।

User 1











