पब्लिक स्वर,जगदलपुर। बस्तर संभाग को सुकमा से जोड़ने वाले जगदलपुर-सुकमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दरभा बाजार के पास अचानक एक विशालकाय पेड़ सड़क से गुजर रहे ट्रक पर गिर पड़ा, जिससे ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में ट्रक चालक सुरक्षित बच गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक दरभा बाजार क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी सड़क किनारे मौजूद एक बड़ा पेड़ अचानक भरभराकर वाहन के ऊपर आ गिरा। पेड़ गिरने की वजह से ट्रक को नुकसान पहुंचा और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही दरभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए राहत कार्य शुरू कराया। प्रशासन ने जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जेसीबी मशीन मंगवाई, जिसकी मदद से सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने का कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह मार्ग बस्तर और सुकमा जिलों के बीच आवागमन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में सड़क बंद होने से यात्री वाहनों, मालवाहक ट्रकों और अन्य परिवहन साधनों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई यात्रियों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात बहाल होने तक सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे पुराने और जर्जर पेड़ों की समय-समय पर जांच और कटाई-छंटाई की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल राहत कार्य जारी है और मार्ग को पूरी तरह सुचारू करने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।

User 1











