रोजगार दिवस बना डिजिटल, अब क्यूआर कोड से मिलेगी मनरेगा की पूरी जानकारी



post

पब्लिक स्वर,बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले में हर महीने की 7 तारीख को मनाया जाने वाला ‘रोजगार दिवस’ इस बार एक नई और डिजिटल पहल के साथ आयोजित किया गया। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को अधिक पारदर्शी और आसान बनाने के लिए अब पंचायतों में क्यूआर कोड की सुविधा शुरू की गई है।

जिले की ग्राम पंचायतों के भवनों में क्यूआर कोड लगाए गए हैं। ग्रामीण अब अपने मोबाइल से इन क्यूआर कोड को स्कैन करके पंचायत में चल रहे कार्यों की जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकते हैं। इसमें स्वीकृत कार्यों की सूची, उनका बजट, काम की प्रगति और वर्तमान स्थिति जैसी जानकारी शामिल है।

इस पहल से ग्रामीणों को रोजगार से जुड़ी जानकारी आसानी से मिलेगी और पारदर्शिता भी बढ़ेगी। इसके साथ ही क्यूआर कोड के माध्यम से हेल्पलाइन नंबर और ऑनलाइन शिकायत पोर्टल तक सीधी पहुंच मिलेगी, जिससे लोग अपनी समस्याएं सीधे दर्ज कर सकेंगे।

‘रोजगार दिवस’ के अवसर पर अधिकारियों ने आजीविका डबरी योजना के तहत अधिक से अधिक आवेदन लेने और उन्हें स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश भी दिए हैं।

वर्तमान में बलौदाबाजार जिले की 482 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के अंतर्गत कुल 3922 कार्य संचालित किए जा रहे हैं। डिजिटल क्यूआर कोड सुविधा से अब ग्रामीणों को पारदर्शिता, सुविधा और अधिकारों की बेहतर जानकारी मिल सकेगी।

यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल साक्षरता बढ़ाने, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और योजनाओं में पारदर्शिता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे शासन और आम नागरिकों के बीच भरोसा मजबूत होगा और ग्रामीणों की भागीदारी भी बढ़ेगी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BALAUDABAJAARNEWS ABQRCODSEMILEGIMANREGAKIPURIJANKARINEWS ROJGAARDIVASHNEWS

You might also like!