धमतरी post authorUser 1 09 June 2026

सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद एंबुलेंस और 112 वाहन में तोड़फोड़



post

पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के उमरदा गांव में सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद देर रात हालात तनावपूर्ण हो गए। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध करते हुए 112 वाहन और एक निजी एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान एंबुलेंस चालक के साथ हाथापाई की गई, जबकि स्थिति संभालने पहुंचे एक पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।

तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आए बाइक सवार

जानकारी के अनुसार, भैंसमुड़ा निवासी लीलाराम साहू अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से देर रात घर लौट रहे थे। इसी दौरान उमरदा गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लीलाराम साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और शव को हटाने से इनकार कर दिया।

शव उठाने पहुंची एंबुलेंस को घेरा, चालक से की हाथापाई

सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और वंदे मातरम सेवा परिवार की निजी एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। लेकिन ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध करते हुए दोनों वाहनों को घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान एंबुलेंस चालक के साथ हाथापाई की गई और वाहन में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्रामीणों का गुस्सा लगातार बढ़ता गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

हालात संभालने पहुंची पुलिस को भी झेलना पड़ा विरोध

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस का भी विरोध किया। बीच-बचाव के दौरान एक एसआई के घायल होने की सूचना है। वहीं एंबुलेंस चालक ने घटना को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने बताई देरी की वजह

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में पेट्रोलिंग वाहनों की सीमित उपलब्धता के कारण टीम को मौके पर पहुंचने में कुछ देरी हुई। हालांकि घटना की जानकारी मिलते ही आवश्यक बल रवाना कर दिया गया था।

जांच जारी, आरोपियों पर होगी कार्रवाई

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात हाईवा चालक की तलाश की जा रही है। वहीं सरकारी कार्य में बाधा, तोड़फोड़ और मारपीट की घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS SADAKHADSANEWS DHAMTARINEWS DHAMTARISADAKHADSANEWS SADAKHADSEMEYUVAKKIMAUTNEWS AMBULENCEOR112VAHANMETODFODHNEWS

You might also like!