पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निशानेबाज, प्रतिष्ठित कोच और पद्मश्री व अर्जुन अवार्ड से सम्मानित जसपाल राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इसे भारतीय खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया मंच X पर जारी शोक संदेश में कहा कि जसपाल राणा का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने भारतीय निशानेबाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर देश का नाम रोशन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सीएम साय ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में जसपाल राणा का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। एक खिलाड़ी और कोच के रूप में उन्होंने भारतीय निशानेबाजी को नई पहचान दिलाई तथा युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहे। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों, शुभचिंतकों और प्रशंसकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की। उन्होंने अपने संदेश के अंत में "ॐ शांति" लिखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जसपाल राणा के निधन की खबर से खेल जगत में शोक की लहर है। देशभर के खिलाड़ी, खेल प्रेमी और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रही हैं।

User 1









