पब्लिक स्वर,कांकेर। कांकेर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आमाटोला के जंगल में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक खुफिया डंप बरामद किया गया है। डंप से हथियार, संचार उपकरण, नक्सली वर्दी और साहित्य सहित बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कांकेर जिले के सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को कांकेर पुलिस, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बम निरोधक दस्ता (BDS) की संयुक्त टीम छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के आमाटोला जंगल में सर्चिंग पर निकली थी।
सर्च अभियान के दौरान जवानों को जंगल में संदिग्ध स्थान दिखाई दिया। गहन जांच करने पर वहां नक्सलियों का एक छिपा हुआ डंप मिला, जिसमें दैनिक उपयोग और संचालन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सामग्रियां सुरक्षित रखी गई थीं।
डंप से बरामद सामग्री में भारमार बंदूक – 4 नग, वायरलेस सेट – 2 नग, रेडियो – 1 नग,नक्सली वर्दी – 1 नग, पाउच (पोच) – 2 नग, चार्जर – 1 नग, बैटरी – 1 नग शामिल हैं। सुरक्षाबलों ने बरामद सामग्री को सुरक्षित तरीके से जब्त कर कैंप पहुंचाया। अभियान के दौरान किसी प्रकार की मुठभेड़ की सूचना नहीं है और सभी जवान सुरक्षित लौट आए।

User 1











