Header Ad


मानसिक रोगियों के वार्ड में एक बंदी ने दूसरे बंदी को उतारा मौत के घाट



post

पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे एक बंदी ने रेप के आरोप में जेल में बंद कैदी की कथित तौर पर हत्या कर दी। जेल के भीतर हुई इस घटना ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि मानसिक रूप से बीमार बंदियों की निगरानी और प्रबंधन को लेकर भी नई बहस छेड़ दी है।

सुबह-सुबह वारदात से मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे सेंट्रल जेल के ई-1 वार्ड में हुई। यह वार्ड मानसिक रूप से अस्वस्थ अथवा विशेष निगरानी वाले बंदियों के लिए आरक्षित बताया जाता है। इसी वार्ड में बंद राजेश राय (40) ने नीलू जगत (27) पर अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने नाली में लगा सीमेंट का स्लैब उखाड़ लिया और उससे नीलू जगत के सिर पर लगातार 4 से 5 वार किए। हमले के दौरान आसपास मौजूद अन्य बंदियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक नीलू गंभीर रूप से घायल हो चुका था। घायल बंदी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

कौन था मृतक?

मृतक की पहचान नीलू जगत (27 वर्ष) निवासी दबनपुर, थाना कोटा के रूप में हुई है। वह नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद वर्ष 2024 से जेल में बंद था।

17 साल से जेल में बंद है आरोपी

हत्या का आरोपी राजेश राय (40 वर्ष) मुंगेली जिले का निवासी है। वह तिहरे हत्याकांड के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है और पिछले करीब 17 वर्षों से जेल में बंद है। सूत्रों के मुताबिक, राजेश राय ने हाल ही में रिहाई अथवा सजा में राहत के लिए माफी की अर्जी लगाई थी, जिसे खारिज कर दिया गया था। वहीं, इसी मामले में उसके भाई सुरेश राय को वर्ष 2025 में रिहा कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि अपनी अर्जी खारिज होने के बाद से वह मानसिक तनाव में था।

मानसिक बीमारी का भी एंगल

जेल सूत्रों के अनुसार, आरोपी राजेश राय मानसिक बीमारी से भी ग्रसित बताया जाता है। यही कारण है कि उसे ई-1 वार्ड में रखा गया था। चूंकि मृतक नीलू जगत भी उसी वार्ड में बंद था, इसलिए दोनों के बीच संपर्क नियमित रूप से होता था। हालांकि, हत्या का सीधा कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। यह भी साफ नहीं है कि दोनों के बीच पहले किसी प्रकार का विवाद हुआ था या नहीं। जांच एजेंसियां इस पहलू की भी पड़ताल कर रही हैं।

हाई सिक्योरिटी जेल में सुरक्षा पर सवाल

बिलासपुर सेंट्रल जेल प्रदेश की प्रमुख और हाई सिक्योरिटी जेलों में गिनी जाती है। ऐसे में जेल परिसर के भीतर एक बंदी द्वारा नाली का भारी स्लैब निकालकर दूसरे कैदी की हत्या कर देना सुरक्षा प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

जांच में जुटा प्रशासन

घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि आरोपी बंदी को सुरक्षा घेरे में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, BILASPUR NEWS, SENTRAL JAIL NEWS, BILASPUR SENTARAL JAIL NEWS, BANDI NE DUSRE BANDI KO UTARA MAUT KE GHAT NEWS, MANSIK ROGION KE WARD ME HATYA NEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER