Header Ad


माइनिंग कांस्टेबल से मारपीट कर रेत भरी टीपर ले उड़े बदमाश



post

पब्लिक स्वर,सरगुजा। सरगुजा जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान रेत माफियाओं के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। अंबिकापुर के गांधी चौक में खनिज विभाग के माइनिंग कांस्टेबल के साथ मारपीट कर आरोपियों ने रेत से भरी एक टीपर वाहन को छुड़ाकर फरार कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

रायपुर की फ्लाइंग स्क्वायड कर रही थी जांच

दरअसल, कोरिया जिले में हाल ही में रेत तस्करी से जुड़े विवाद में भाजपा नेता समेत तीन लोगों की हत्या और दो अन्य पर जानलेवा हमले की घटना के बाद खनिज विभाग ने पूरे सरगुजा संभाग में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में रायपुर से पहुंची खनिज विभाग की फ्लाइंग स्क्वायड टीम कोरिया, एमसीबी और सूरजपुर जिलों में ड्रोन कैमरों की मदद से रेत खनन, भंडारण और परिवहन की जांच कर रही है।

चार टीपर पकड़े गए, एक वाहन छुड़ाकर ले गए आरोपी

जानकारी के अनुसार, बीती रात फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने अवैध रेत से भरे चार टीपर वाहनों को पकड़ा था। टीम ने वाहनों के नंबर दर्ज किए और माइनिंग कांस्टेबल तारकेश्वर वर्मा को वाहनों के साथ अंबिकापुर कलेक्टोरेट परिसर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी।

कांस्टेबल चारों वाहनों को लेकर अंबिकापुर आ रहा था। इसी दौरान गांधी चौक पहुंचते ही रेत कारोबार से जुड़े बताए जा रहे लहटन खान और उसके साथियों ने वाहनों को रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने एक टीपर को अपने कब्जे में लेने की कोशिश की। जब माइनिंग कांस्टेबल ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और रेत से भरा एक टीपर लेकर आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि तीन अन्य वाहनों को सुरक्षित कलेक्टोरेट परिसर में खड़ा करा दिया गया।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

घटना की सूचना मिलते ही खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने माइनिंग कांस्टेबल तारकेश्वर वर्मा की शिकायत पर लहटन खान, टीपर चालक सोनू, खलासी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय है।

अवैध रेत कारोबार पर सख्ती, कई जिलों में चल रही कार्रवाई

खनिज विभाग की फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने हाल के दिनों में कोरिया और एमसीबी जिलों में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में शामिल कई वाहनों को जब्त किया है। साथ ही रेत घाटों और भंडारण स्थलों की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। वर्तमान में टीम सूरजपुर जिले के विभिन्न रेत घाटों की जांच कर रही है, जबकि सरगुजा जिले में भी व्यापक जांच अभियान चलाया जाएगा।

प्रतिबंध के बावजूद जारी है रेत उत्खनन

गौरतलब है कि 10 जून के बाद से रेत उत्खनन पर रोक लागू है, इसके बावजूद संभाग के कई क्षेत्रों में नदियों से बड़े पैमाने पर अवैध रेत निकाले जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। गांधी चौक की यह घटना न केवल अवैध रेत कारोबार की सक्रियता को उजागर करती है, बल्कि कार्रवाई करने वाली सरकारी टीमों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, SARGUJA NEWS, AMBIKAPUR NEWS, SARGUJA AMBIKAPUR NEWS, MINING CONSTEBAL SE MARPIT NEWS, MARPIT NEWS, CONSTEBAL SE MARPIT KAR VAHAN LE GAYE BADMASH NEWS, RET SE BHARI TEEPPAR LE UDE BADMASH NEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER