बैलगाड़ी पर निकली विधायक दीपेश साहू की बारात, डिप्टी CM अरुण साव समेत मंत्री बने बाराती



post

पब्लिक स्वर,बेमेतरा। छत्तीसगढ़ की राजनीति में सादगी और सामाजिक संदेश का एक अनूठा उदाहरण आज बेमेतरा में देखने को मिला। बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में तरुणा साहू के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। खास बात यह रही कि एक जनप्रतिनिधि होने के बावजूद उन्होंने अपने विवाह के लिए सामूहिक विवाह मंच को चुना, जिससे सामाजिक समरसता और सादगी का संदेश देने की कोशिश की गई।
विवाह से पहले विधायक दीपेश साहू की बारात पारंपरिक अंदाज में बैलगाड़ी पर निकाली गई, जिसने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। बारात में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव समेत कई मंत्री और जनप्रतिनिधि बाराती के रूप में शामिल हुए। पारंपरिक माहौल, लोक संस्कृति और उत्साह से भरे इस आयोजन में आम लोगों की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

हालांकि विवाह सामूहिक स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है, लेकिन समारोह का उत्साह किसी भव्य पारिवारिक शादी से कम नहीं है। आयोजन स्थल पर घराती और बाराती दोनों पक्षों के लोग पूरे जोश और उत्साह के साथ मौजूद हैं। विवाह समारोह सामाजिक सौहार्द और सामूहिक आयोजनों की उपयोगिता को भी रेखांकित कर रहा है।

इस विशेष अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित छत्तीसगढ़ शासन के कई मंत्री और वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। उनकी उपस्थिति से यह आयोजन राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बन गया है।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना और सामूहिक विवाह की परंपरा को बढ़ावा देना है। ऐसे में एक विधायक द्वारा इसी मंच पर विवाह करना योजना के प्रति विश्वास और समाज के सामने सकारात्मक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।
दीपेश साहू का यह कदम केवल एक व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि सादगी, सामाजिक समानता और लोक परंपराओं के सम्मान का संदेश भी माना जा रहा है। यही वजह है कि यह विवाह समारोह पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BEMETARANEWS BAILGADIMENIKLIVIDHAYAKKIBARATANEWS KANYAVIVAHYOJNANEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER