पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सकरी थाना क्षेत्र स्थित सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पत्नी के एक युवक से कथित संबंध होने के शक में पति ने अपने बेटे के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी। आरोप है कि दोनों ने युवक को घर बुलाकर पहले समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ने पर मोबाइल के केबल तार और प्लास्टिक की सुतली से उसका गला घोंट दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुंगेली निवासी शिव कामले कबीरधाम जिले के सिंगारपुर मिडिल स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत हैं। वह पिछले करीब एक सप्ताह से अपनी पत्नी रीना कामले, दो बेटियों और एक बेटे के साथ बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रह रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रीना कामले का लगभग दो वर्ष पहले अपनी छोटी बहन की शादी के दौरान राम्हेपुर (लोरमी) निवासी दावेन्द्र कुमार बघेल से परिचय हुआ था। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले शिव कामले को इस संबंध की जानकारी मिली थी, जिसके बाद परिवार में लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
सिम कार्ड देने आया था युवक, यहीं से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 30 मई की दोपहर करीब 12 बजे दावेन्द्र कुमार बघेल रीना कामले को एक सिम कार्ड देने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान शिव कामले ने उसे देख लिया। बताया जाता है कि शिव ने पत्नी के माध्यम से दावेन्द्र को घर बुलाया और उससे रीना से दूरी बनाए रखने की बात कही। हालांकि बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक रूप ले बैठा।
केबल तार और सुतली से गला घोंटकर हत्या
आरोप है कि विवाद के दौरान शिव कामले और उसके बेटे ने मिलकर दावेन्द्र कुमार बघेल पर हमला कर दिया। दोनों ने प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल के केबल तार का इस्तेमाल करते हुए उसका गला घोंट दिया। गंभीर रूप से घायल दावेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई।
महिला ने थाने पहुंचकर दी सूचना
घटना के दौरान घर में मौजूद रीना कामले विवाद बढ़ता देख घबरा गई। वह सीधे सकरी थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दावेन्द्र की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पहले से चल रहा था पारिवारिक तनाव
जांच में यह भी सामने आया है कि कथित संबंधों को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव का माहौल था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसी तनाव के चलते परिवार करीब एक सप्ताह पहले मुंगेली से बिलासपुर के सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में आकर रहने लगा था।
आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार
सकरी थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिव कामले और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस हत्या के पीछे की परिस्थितियों, घटना के क्रम और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।

User 1










