बार में शराबियों ने दो भाइयों को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान जारी



post

पब्लिक स्वर,भिलाई/दुर्ग। भिलाई में रविवार देर रात शराब के नशे में हिंसा का सनसनीखेज मामला सामने आया। वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित पंजाब बार के बाहर और अंदर कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया, जिसमें दो भाइयों पर बीयर की बोतलों और धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी युवकों की बेरहमी साफ दिखाई दे रही है।

जानकारी के मुताबिक, ज्ञानेश साहू उर्फ आकाश अपने बड़े भाई आशीष साहू और पप्पू साहू के साथ 18 मई की रात करीब 11:30 बजे पंजाब बार पहुंचे थे। तीनों बार में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान आशीष साहू किसी काम से बार के बाहर निकला, जहां कुछ अज्ञात युवकों से उसका विवाद हो गया।

बार के अंदर तक घुसकर हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आशीष जान बचाने के लिए वापस बार के अंदर भागा, लेकिन उसके पीछे 3 से 4 युवक भी अंदर घुस आए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। भाई को बचाने पहुंचे ज्ञानेश साहू को भी आरोपियों ने निशाना बना लिया। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए दोनों भाइयों पर बीयर की कांच की बोतलों से हमला किया। इसके बाद धारदार हथियार से भी वार किए गए। घटना के दौरान बार परिसर और सड़क पर करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

वायरल वीडियो में दिखी हैवानियत

घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। वायरल फुटेज में कुछ युवक एक व्यक्ति को घेरकर बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। युवक के जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी उसके चेहरे पर लगातार लात मारते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक आरोपी बाइक से युवक को कुचलने की कोशिश करता भी दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यदि समय रहते बीच-बचाव नहीं होता तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी।

दोनों भाइयों को गंभीर चोटें

हमले में ज्ञानेश साहू के सिर, हाथ, सीने, पीठ और बाएं पैर में चोटें आई हैं। वहीं आशीष साहू के गले के नीचे और पीठ पर गंभीर घाव बताए जा रहे हैं। आसपास मौजूद लोगों और बार स्टाफ ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी फरार

पीड़ितों की शिकायत पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वायरल वीडियो और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि, “पंजाब बार में मारपीट की घटना हुई है। शराब पीने के दौरान विवाद बढ़ा और कुछ अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।”



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DURGNEWS BHILAINEWS DURGBHILAINEWS VAISHALINAGARNEWS BARMESARABIYONNEDOBAHAIYONKOJAMINPARGIRAARPITANEWS DOBHAIYONKOJAMINMEGIRAKARBERAHMISEPITANEWS SARABIYONKAATANKNEWS BARMESARABIYONMACHAYAUTPATNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER