रायपुर के मनोहरमल एंड कंपनी ज्वेलर्स से करोड़ों की ज्वेलरी गायब, 16 साल पुराने कर्मचारी पर गबन का आरोप



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के सदर बाजार स्थित प्रतिष्ठित ज्वैलरी प्रतिष्ठान मनोहरमल एंड कंपनी ज्वैलर्स में करोड़ों रुपए के सोने के जेवर गायब होने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी या गबन का आरोप किसी बाहरी व्यक्ति पर नहीं, बल्कि दुकान में पिछले 16 साल से काम कर रहे भरोसेमंद कर्मचारी पर लगा है। कारोबारी की शिकायत के बाद पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने आरोपी कर्मचारी सूरज साहू के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, दुकान से करीब 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोने के जेवर गायब पाए गए हैं, जिनकी बाजार कीमत लगभग 2 करोड़ रुपए आंकी गई है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी कर्मचारी जेवर अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहा है।

रोज की जिम्मेदारी बनी करोड़ों के गबन की वजह

जानकारी के अनुसार, सदर बाजार में सोने-चांदी के कारोबारी सुरेश भंसाली की मनोहरमल एंड कंपनी लंबे समय से संचालित है। दुकान में काम करने वाला कर्मचारी सूरज साहू पिछले 16 वर्षों से यहां कार्यरत था। उसे रोजाना दुकान बंद होने के बाद डिस्प्ले में रखे गए जेवरों को सुरक्षित लॉकर में रखने की जिम्मेदारी दी गई थी।

बताया जा रहा है कि 9 अप्रैल 2026 की शाम दुकान बंद होने के दौरान सूरज साहू ने सोने के जेवर लॉकर में जमा करने के बजाय अपने पास रख लिए। चूंकि वह वर्षों से भरोसेमंद कर्मचारी माना जाता था, इसलिए शुरुआत में किसी को उस पर संदेह नहीं हुआ।

स्टॉक मिलान में खुला करोड़ों के सोने का खेल

घटना का खुलासा 13 अप्रैल को नियमित स्टॉक मिलान के दौरान हुआ। जब रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक का मिलान किया गया तो बड़ी मात्रा में सोने के जेवर कम पाए गए। इसके बाद दुकान प्रबंधन ने आंतरिक स्तर पर कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में शाम करीब 4:21 बजे सूरज साहू संदिग्ध गतिविधियों के साथ जेवर ले जाते नजर आया। इसके बाद कारोबारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

अलग-अलग डिजाइन के महंगे जेवर गायब

कारोबारी के अनुसार, गायब हुए सोने में कई प्रकार के महंगे और विशेष डिजाइन वाले जेवर शामिल हैं। इनमें चेन, हार, कंगन, अंगूठियां और अन्य आभूषण बताए जा रहे हैं। सोने की मौजूदा कीमत के आधार पर नुकसान करीब 2 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।

आरोपी फरार, पुलिस की दबिश जारी

कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी सूरज साहू के खिलाफ गबन का अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और आरोपी के संपर्कों की भी जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा हो सकता है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS RAIPURSADARBAJARNEWS RMANOHARMALANDVOMPANYJEWELLERSNEWS RMANOHARMALANDVOMPANYJEWELLERSSECATODONKIJEWELLERYGAYABNEWS DOCARODHKIJEWELLERYPAARNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER