पब्लिक स्वर,दुर्ग। दुर्ग जिले के कलेक्टर परिसर स्थित लोक सेवा केंद्र में शुक्रवार देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि यह केंद्र कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के ठीक पीछे स्थित है। चोर यहां से करीब 6 से 7 हजार रुपए की चिल्लर लेकर फरार हो गए, जबकि केंद्र में रखा अन्य सामान सुरक्षित मिला है।
जानकारी के अनुसार, चोर लोक सेवा केंद्र का ताला तोड़ने में सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने दरवाजे की कुंडी उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और सीधे उस हिस्से को निशाना बनाया, जहां नकदी रखी हुई थी। वारदात के दौरान केवल नकदी चोरी की गई, जबकि अन्य सामान को नुकसान नहीं पहुंचाया गया। लोक सेवा केंद्र में दैनिक कार्यों और लेनदेन के लिए कुछ नकदी रखी जाती थी। चोरों ने इसी रकम पर हाथ साफ किया और मौके से फरार हो गए।
पेंशन शाखा में भी चोरी का प्रयास
लोक सेवा केंद्र में चोरी करने के बाद बदमाशों ने पास स्थित पेंशन शाखा को भी निशाना बनाने की कोशिश की। जानकारी के मुताबिक, चोर ज्वाइंट डायरेक्टर के केबिन तक पहुंच गए और पैसों की तलाश में वहां रखा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। हालांकि शुरुआती जांच में पेंशन शाखा से किसी नकदी या अन्य सामग्री के चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई है। कर्मचारियों ने सुबह कार्यालय पहुंचने पर सामान बिखरा देखा, जिसके बाद अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात ऐसे लोगों द्वारा अंजाम दी गई हो सकती है, जो नशे की हालत में थे या केवल नकदी की तलाश में मौके की खोज कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि चोरों ने केवल नकदी पर हाथ साफ किया है और अन्य सामान को नहीं छुआ, जिससे यह संकेत मिलता है कि उनका उद्देश्य सिर्फ पैसे चोरी करना था।
सीसीटीवी नहीं, आसपास के फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि कलेक्टर परिसर जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों वाले क्षेत्र में संबंधित स्थान पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। ऐसे में पुलिस अब परिसर और आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।

User 1.jpg)










