पब्लिक स्वर,रुद्रप्रयाग/ उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से इस समय एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। केदारनाथ मार्ग पर स्थित गौरीकुंड क्षेत्र में आज सुबह एक हेलीकॉप्टर भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया। इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी 7 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में पायलट, एक 2 साल की बच्ची और पांच यात्री शामिल हैं।
खराब मौसम बना हादसे की वजह
यह हादसा आज सुबह लगभग 5:30 बजे हुआ जब हेलीकॉप्टर ने केदारनाथ से गुप्तकाशी के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ ही मिनट बाद गौरीकुंड के घने जंगलों के ऊपर हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शुरुआती जांच में खराब मौसम को दुर्घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है।
राहत व बचाव में मुश्किलें
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीमें मौके पर रवाना हुईं, लेकिन दुर्गम पहाड़ी और वन क्षेत्र होने की वजह से राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर आर्यन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "केदारनाथ मार्ग पर हेलीकॉप्टर दुर्घटना का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। राज्य सरकार की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। हम मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं।"
दुर्घटना में जान गंवाने वालों की सूची:
क्रम नाम, राज्य / पता, विवरण
1 कैप्टन राजवीर — पायलट
2 विक्रम रावत रासी, ऊखीमठ, उत्तराखंड यात्री
3 विनोद उत्तर प्रदेश यात्री
4 तृष्टि सिंह उत्तर प्रदेश यात्री
5 राजकुमार महाराष्ट्र यात्री
6 श्रद्धा (35) महाराष्ट्र यात्री
7 काशी (2 वर्ष) महाराष्ट्र शिशु यात्री
हवाई यात्रा पर फिर सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर चारधाम यात्रा में हेलीकॉप्टर सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या के चलते हेलीकॉप्टर सेवाओं में हो रही लापरवाही पर नियंत्रण जरूरी हो गया है।
जांच के आदेश
प्रशासन ने इस दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की टीम भी मौके पर पहुंचने वाली है। मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।

User 1













