पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर में कोयला कारोबार से जुड़े फिल ग्रुप के ठिकानों पर इनकम टैक्स विभाग ने गुरुवार को छापामार कार्रवाई की। आयकर विभाग की टीम SIR (स्पेशल इंटेलिजेंस एंड रिसर्च) सर्वे टीम के रूप में पहुंची और एक साथ कई ठिकानों पर दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई फिल ग्रुप के संचालक प्रवीण झा से जुड़े प्रतिष्ठानों पर की गई है। टीम ने श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित कार्यालय और रामा वर्ल्ड कॉलोनी स्थित आवास सहित अन्य स्थानों पर दबिश दी है। इनकम टैक्स की टीम कोयला कारोबार से संबंधित लेन-देन, बैंक रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान किसी को भी बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई है और दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, यह सर्वे कार्रवाई आयकर विभाग को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर की गई है। फिलहाल टीम द्वारा दस्तावेजों की जांच जारी है और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। शहर में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद आयकर विभाग द्वारा विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

User 1










