पब्लिक स्वर,लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। शिक्षण सत्र 2025–26 की शुरुआत पहले 16 जून से होनी थी, लेकिन अब सभी मान्यता प्राप्त कक्षा 8वीं तक के स्कूल 1 जुलाई 2025 से ही खुलेंगे। इस संबंध में बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी ने आदेश जारी कर दिए हैं।
बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा पहले 20 मई से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया था, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छुट्टियों को 30 जून तक बढ़ा दिया गया है।
हालांकि, शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए स्कूल 16 जून से ही संचालित किए जाएंगे। उन्हें विद्यालय में उपस्थित होकर शैक्षणिक, प्रशासनिक व अन्य आवश्यक कार्यों को संपादित करना होगा। यह कार्य पहले से जारी समय-सारणी के अनुसार ही किया जाएगा।
जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में स्कूल प्रबंध समितियां स्वयं छुट्टियों और संचालन को लेकर निर्णय लेने के लिए अधिकृत होंगी।
मुख्य बातें:
8वीं तक के सभी स्कूल अब 1 जुलाई से खुलेंगे।
बच्चों की गर्मी की छुट्टियाँ 30 जून तक बढ़ाई गईं।
16 जून से शिक्षक और स्टाफ को स्कूल आना अनिवार्य।
स्कूलों में प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्य यथावत जारी रहेंगे।
भीषण गर्मी के चलते यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर लिया गया है। सरकार का यह कदम अभिभावकों और शिक्षा जगत के लिए राहत भरा माना जा रहा है।।

User 1













