रेत और बोल्डर के अवैध परिवहन का भंडाफोड़, 8 हाइवा जब्त



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग ने सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में रेत और बोल्डर का अवैध परिवहन कर रहे 8 हाइवा वाहनों को जब्त किया गया है। वाहन चालकों के पास खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर विभाग ने उन्हें तत्काल कब्जे में लेकर पुलिस की सुपुर्दगी में सौंप दिया।

खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, उप संचालक खनि प्रशासन राजेश मालवे और सहायक खनि अधिकारी उमेश भार्गव के मार्गदर्शन में गठित टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान नारी और धमतरी क्षेत्र से रेत लेकर आ रहे 6 हाइवा तथा तुमगांव क्षेत्र से बोल्डर का परिवहन कर रहे 2 हाइवा वाहनों की जांच की गई।

जांच के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों से खनिज परिवहन संबंधी दस्तावेज, परिवहन अनुमति और अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन चालक वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके। इसके बाद विभाग ने सभी वाहनों को अवैध खनिज परिवहन की श्रेणी में मानते हुए जब्त कर लिया। कार्रवाई की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जब्त वाहनों को उपरवारा थाना और माना थाना की अभिरक्षा में रखा गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मामले में खनिज नियमों और प्रावधानों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन का मानना है कि अवैध खनन न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसी कारण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार निगरानी और कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बिना वैध अनुमति और दस्तावेजों के खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS RETAURBOLDERKEAVIDHPARIVAANNEWS AVIDHPARIVAANKAPARIVAHANKABHANDAFODHNEWS 8HIGHWAJABTNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER