पुरानी रंजिश में हिस्ट्रीशीटर की चाकू गोदकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार



post

पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर में शुक्रवार देर शाम एक हिस्ट्रीशीटर युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक एक सप्ताह पहले ही जेल से बाहर आया था और पुराने मामले में समझौता करने के लिए युवक पर दबाव बना रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते युवक और उसके साथियों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और परिजनों व स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर दिया।

मृतक की पहचान शानू उर्फ अमन हुसैन (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो हटरी चौक स्थित लाइफ केयर अस्पताल के पास रहता था। वह विकास तिवारी पर पुराने मामले में समझौता करने का दबाव बना रहा था। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे शानू ने विकास तिवारी को पचरी घाट बैराज पर बुलाया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान विकास और उसके साथियों ने चाकू निकालकर शानू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल शानू खून से लथपथ होकर चिल्लाने लगा। आसपास मौजूद लोगों के पहुंचने से पहले ही आरोपी चांटीडीह की ओर फरार हो गए। शानू को तुरंत इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, शानू खान और विकास तिवारी के बीच पिछले करीब पांच साल से विवाद चल रहा था। वर्ष 2021 में शानू ने विकास पर जानलेवा हमला किया था। इसके बाद 2022 में सतीश तिवारी नामक युवक की हत्या का मामला भी सामने आया था। दोनों पक्षों के बीच एक युवक का नाम केस से हटवाने को लेकर विवाद और बढ़ गया था। शानू इस पुराने मामले में समझौता कराना चाहता था और इसी दबाव के कारण यह वारदात हुई।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और रात के अंधेरे में मोबाइल और टॉर्च की रोशनी में जांच की गई। घटनास्थल से खून के धब्बों के साथ गांजा पीने की चिलम और एक चश्मा बरामद किया गया है। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

हत्या की खबर फैलते ही आक्रोशित परिजन और मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में सिटी कोतवाली थाना पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। स्थिति को संभालने के लिए अन्य थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया। देर रात तक तनाव की स्थिति बनी रही, बाद में पुलिस अधिकारियों की समझाइश से माहौल शांत हुआ।

फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। नगर निगम द्वारा पचरी घाट के पास ‘हैप्पी स्ट्रीट’ विकसित किया गया है, लेकिन बैराज और आसपास का इलाका नशेबाज युवकों का अड्डा बनता जा रहा है, जिससे अपराध की घटनाएं बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BILASPURNEWS PURANIRANJISHMEHATYANEWS HISTRISITARKIHATYANEWS CHAKUSEHATYANEWS AKHAFTEPAHLEHIIJELSEBAHARAYATHAMRITAKNEWS

You might also like!