पब्लिक स्वर,बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने बिलासपुर दौरे के दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। मंगलवार शाम सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने महंगाई, किसानों की समस्याएं, बिजली दरों में बढ़ोतरी, कानून-व्यवस्था, शिक्षा व्यवस्था और जल जीवन मिशन जैसे कई मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। इस दौरान उन्होंने आरएसएस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि "महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर को लूटा था, जबकि आज कुछ संगठन राम मंदिर के नाम पर लूट में लगे हुए हैं।"
राम मंदिर और RSS पर तीखा बयान
भूपेश बघेल ने कहा कि देश में जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने "राम नाम की लूट है, लूट सके तो लूट" कहावत का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कुछ संगठन धार्मिक आस्था के नाम पर लोगों की भावनाओं का राजनीतिक और आर्थिक लाभ उठा रहे हैं। उनका यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
महंगाई और पेट्रोल-डीजल के मुद्दे पर सरकार को घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी थीं, तब तेल कंपनियों के नुकसान की लगातार चर्चा होती थी, लेकिन अब जब क्रूड ऑयल के दाम कम हुए हैं तो सरकार और तेल कंपनियां अपने मुनाफे का हिसाब जनता के सामने क्यों नहीं रख रही हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियां आज भी देश के सबसे बड़े मुद्दे हैं, लेकिन सरकार इन सवालों का जवाब देने के बजाय अन्य विषयों पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
खाद संकट और किसानों की परेशानी का मुद्दा
किसानों की समस्याओं को उठाते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश में कमजोर मानसून और खाद की कमी ने खेती-किसानी को संकट में डाल दिया है। उनके अनुसार किसानों को डीएपी और सुपर फॉस्फेट खाद आसानी से नहीं मिल रही, जबकि बाजार में वैकल्पिक खाद ऊंचे दामों पर बेची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोसायटियों में खाद की कमी बताई जा रही है, लेकिन खुले बाजार में खाद उपलब्ध है, जिससे कालाबाजारी की आशंका बढ़ती है। बघेल ने दावा किया कि किसानों से खाद के नाम पर 200 से 700 रुपये तक अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है और सरकार के संरक्षण में यह स्थिति पैदा हुई है।
बिजली दरों में बढ़ोतरी पर उठाए सवाल
बिजली शुल्क बढ़ाने के फैसले को लेकर भी उन्होंने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। बघेल ने कहा कि ऐसी कोई परिस्थिति नहीं है जिसमें बिजली की दरें बढ़ाई जाएं। उनका आरोप था कि डबल इंजन सरकार की नीतियों का सीधा बोझ आम जनता और किसानों पर पड़ रहा है।
कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हत्या, लूट और दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने जेल के भीतर हुई हत्याओं और रेत माफिया से जुड़ी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार स्थिति नियंत्रित करने में असफल साबित हो रही है।
शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल
स्कूल खुलने के बाद भी बच्चों को ड्रेस, किताबें और अन्य आवश्यक सामग्री समय पर नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए बघेल ने कहा कि कई स्कूलों में शिक्षकों और बुनियादी सुविधाओं की कमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
राहुल गांधी को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा राहुल गांधी से राजनीतिक रूप से डरती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की छवि खराब करने के लिए भाजपा करोड़ों रुपये खर्च कर चुकी है। उनका दावा था कि राहुल गांधी किसी भी मुद्दे को उठाते हैं तो भाजपा का पूरा संगठन उसके जवाब में सक्रिय हो जाता है।
कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी चुनाव
कांग्रेस के भविष्य और नेतृत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर बघेल ने कहा कि "कका अभी जिंदा है और कका का तेवर भी बरकरार है", लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा में चरणदास महंत और संगठन में दीपक बैज अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
जल जीवन मिशन पर भी उठाए सवाल
जल जीवन मिशन को लेकर सरकार के दावों पर सवाल खड़े करते हुए उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में लोगों को अब भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। योजनाओं की सफलता के सरकारी दावे और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर दिखाई देता है।

User 1











