Header Ad


किराए के गोदाम में निरमा पाउडर की पैकिंग के जगह चल रहा था अवैध गुटखा फैक्ट्री, सील



post

पब्लिक स्वर,दुर्ग। दुर्ग जिले के कचांदूर गांव में निरमा पाउडर की पैकिंग के नाम पर संचालित एक गोदाम में अवैध रूप से जर्दा युक्त गुटखा बनाने का कारोबार चल रहा था। पुलिस ने मंगलवार रात छापेमार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद की हैं। कार्रवाई के बाद फैक्ट्री को सील कर दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

किराए पर लिया गोदाम, बताया था निरमा पैकिंग का काम

पुलिस जांच में सामने आया है कि उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद सानू ने करीब 15 से 20 दिन पहले कचांदूर स्थित एक गोदाम किराए पर लिया था। गोदाम सुपेला निवासी मोहम्मद मुस्तफा का है। किराएदार ने मालिक को बताया था कि वह यहां निरमा पाउडर की पैकिंग का काम करेगा। इसके लिए बाकायदा किरायानामा तैयार किया गया और जरूरी दस्तावेजी प्रक्रिया भी पूरी की गई थी।

शुरुआत में सब कुछ सामान्य नजर आया, लेकिन कुछ दिनों बाद मोहम्मद सानू का मोबाइल फोन बंद आने लगा। गोदाम मालिक ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी दौरान गोदाम के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने लगी, जिससे मालिक का शक गहरा गया।

गार्ड की सूचना से खुला राज

गोदाम परिसर में तैनात गार्ड ने भी मालिक को अंदर कुछ गड़बड़ी होने की आशंका जताई। लगातार बढ़ते संदेह के बाद मोहम्मद मुस्तफा ने जेवरा सिरसा चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोदाम मालिक की मौजूदगी में ताला खोलकर जांच शुरू की।

अंदर मिला गुटखा बनाने का पूरा सेटअप

तलाशी के दौरान पुलिस को गोदाम के भीतर जर्दा युक्त गुटखा निर्माण का पूरा सेटअप मिला। यहां से बड़ी मात्रा में कच्चा माल, पैकिंग सामग्री, मिक्सर मशीन, कटर मशीन सहित कई उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा कई बोरियों में गुटखा निर्माण में उपयोग होने वाला रॉ मटेरियल भी मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

प्राथमिक जांच में संकेत मिले हैं कि गोदाम का उपयोग अवैध गुटखा निर्माण और पैकेजिंग के लिए किया जा रहा था। हालांकि यह कारोबार कब से संचालित हो रहा था और तैयार माल कहां सप्लाई किया जा रहा था, इसकी जांच जारी है।

फूड सेफ्टी और प्रशासन की टीम भी पहुंची

मामले की गंभीरता को देखते हुए फूड सेफ्टी विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंची। संयुक्त जांच के दौरान बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की गई और पूरे परिसर का निरीक्षण किया गया। जांच पूरी होने के बाद फैक्ट्री को सील कर दिया गया।

फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद सानू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। साथ ही जब्त सामग्री की जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध गुटखा निर्माण का नेटवर्क कितना बड़ा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में और खुलासे होने की संभावना है। यदि सप्लाई नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की भूमिका सामने आती है तो कार्रवाई का दायरा और बढ़ सकता है।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, DURG NEWS, KANCHADUR GAON NEWS, DURG KANCHADUR NEWS, AVIDH GHUTKHA FAIKTARI NEWS, NIRMA POWDAR PAKING KE NAAM PAR AVIDH GHUTKHA FAIKTARI NEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER