पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। नगर पालिका अभनपुर क्षेत्र में शासकीय चरागाह भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अभनपुर, पटवारी हल्का नंबर 21, तहसील अभनपुर, जिला रायपुर स्थित खसरा नंबर 489/1 के एक हिस्से पर कुछ लोगों द्वारा मुरुम और मिट्टी डालकर कब्जा किए जाने का आरोप लगाया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उपलब्ध राजस्व अभिलेखों में उक्त भूमि महंत वैष्णव दास गुरु बजरंग दास व अन्य के नाम दर्ज चरागाह भूमि के रूप में दर्ज है। आरोप है कि वार्ड क्रमांक 7 के कुछ लोगों द्वारा इस भूमि पर लगातार मुरुम और मिट्टी डालकर चरागाह भूमि का स्वरूप बदला जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि यह पूरा कार्य नगर पालिका के सीएमओ (CMO) के संरक्षण में किया जा रहा है। उनका कहना है कि चरागाह भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों के बावजूद नगर पालिका की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी वजह से लोगों के बीच यह धारणा बन रही है कि अतिक्रमण करने वालों को संरक्षण मिल रहा है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अतिक्रमण हटाने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा यदि किसी अधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

User 1











