पब्लिक स्वर,धमतरी। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन एवं उपस्थिति में 05 जून 2026 को रक्षित केंद्र में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर योग शिविर एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
योग शिविर में आरक्षक सूजय मंडल एवं उनकी शिष्या रूची साहू द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान तकनीकों का अभ्यास कराया गया। यह उनके द्वारा आयोजित तीसरा योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर रहा, जबकि पिछले एक वर्ष में पुलिस लाइन रूद्री में कुल पांच योग प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। प्रशिक्षण के दौरान योग से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों पर विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव प्रबंधन, एकाग्रता वृद्धि तथा शारीरिक स्फूर्ति बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन में आरक्षक सूजय मंडल एवं रूची साहू ने योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। उनके योगदान एवं योग के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका के लिए उन्हें हाल ही में राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा दोनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि योग का वास्तविक अर्थ जुड़ना है—शरीर, मन और आत्मा के संतुलन से। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा की प्रकृति अत्यंत चुनौतीपूर्ण होती है, ऐसे में योग एवं प्राणायाम तनाव प्रबंधन का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नियमित योग अपनाने तथा अपने परिवारजनों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रूद्री परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का पौधरोपण किया गया। पुलिस अधीक्षक सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और वृक्षों की सुरक्षा एवं संवर्धन का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी पर जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति नैतिक दायित्व है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधरोपण एवं उनकी नियमित देखभाल की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस बल के स्वास्थ्य संवर्धन, तनाव प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।

User 1












