पब्लिक स्वर,रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में एक सुनियोजित लूट की वारदात सामने आई है, जहां चार नकाबपोश बदमाशों ने एक चिल्हर व्यापारी को कट्टे की नोंक पर लूट लिया। आरोपियों ने सड़क पर बाधा डालकर पहले वाहन रुकवाया और फिर मौके का फायदा उठाते हुए करीब 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल और गाड़ी की चाबी लेकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरगुजा जिले के सीतापुर निवासी संतोष गुप्ता (45) पेशे से चिल्हर व्यापारी हैं। वे मंगलवार को अपने हेल्पर नंदकिशोर दास के साथ पिकअप वाहन से ग्राम चाल्हा और रूवांफूल क्षेत्र में धान, चावल और महुआ की खरीदी के लिए गए थे। खरीदी पूरी करने के बाद दोनों कापू की ओर लौट रहे थे।
शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच जब उनकी पिकअप ग्राम रामपुर के लम्ती नाला डेम के पास मुख्य सड़क पर पहुंची, तो रास्ते में पहले से रखी गई मोटी लकड़ी के कारण वाहन रोकना पड़ा। हेल्पर नंदकिशोर जैसे ही लकड़ी हटाने के लिए नीचे उतरे, तभी दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश युवक वहां पहुंचे।
आरोपियों ने कट्टा दिखाकर संतोष गुप्ता को डराया और उनके पास मौजूद बैग से करीब 50 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद बदमाशों ने वाहन की चाबी छीनी, डूल बॉक्स की तलाशी ली और संतोष का मोबाइल भी अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गाड़ी को बीच सड़क पर छोड़कर खम्हार मार्ग की ओर फरार हो गए।
घटना के दौरान सामने से गुजर रहे एक बाइक सवार ने पीड़ित से जानकारी ली और बताया कि चारों आरोपी खम्हार रोड की दिशा में भागे हैं। अंधेरा होने के कारण संतोष उसी रात घर लौट गए और अगले दिन पुलिस को सूचना देकर मामला दर्ज कराया। धरमजयगढ़ पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के क्षेत्रों में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

User 1









