पब्लिक स्वर,रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा स्थित दुर्गा मंदिर से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। बेटे की असमय मौत के गहरे सदमे में डूबे एक पिता ने कथित रूप से मंदिर परिसर के बाहर अपनी जीभ काट ली। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में हड़कंप की स्थिति बन गई। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, एफसीआई गोदाम के पास रहने वाले सनत कुमार खांडे के 8 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार खांडे की तबीयत बिगड़ने के बाद मंगलवार शाम मौत हो गई थी। बेटे की अचानक हुई मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में था। परिजनों के मुताबिक, सनत कुमार रातभर बेहद परेशान और मानसिक रूप से अस्थिर दिखाई दे रहा था। वह लगातार बेटे को याद कर रो रहा था और गहरे तनाव में था।
बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के करीब 3 बजे वह घरघोड़ा के प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर पहुंचा। इसी दौरान कथित रूप से भावनात्मक आवेग और मानसिक आघात की स्थिति में उसने अपनी जीभ काट ली। घटना के तुरंत बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा और वह मंदिर परिसर में ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उसे संभालने की कोशिश की और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
इस घटना ने पूरे नगर को झकझोर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बेटे की मौत के बाद से सनत पूरी तरह टूट चुका था। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल है। लोग इसे एक पिता के असहनीय दर्द और मानसिक टूटन की भयावह तस्वीर के रूप में देख रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

User 1









.jpg)



