फेक मैरिज पार्टी को लेकर दुर्ग में विवाद, पुलिस ने रिसोर्ट मैनेजर पर की कार्रवाई



post

पब्लिक स्वर,दुर्ग। दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र स्थित कोसी एयरो क्लब रिसोर्ट में आयोजित होने वाली ‘फेक मैरिज पार्टी’ विवादों में घिर गई। 30 मई को प्रस्तावित इस आयोजन की जानकारी सामने आते ही आसपास के गांवों के लोग नाराज होकर रविवार देर रात रिसोर्ट पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ते विवाद और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। बाद में रिसोर्ट प्रबंधन ने कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा कर दी।

क्या था ‘फेक मैरिज पार्टी’ का कॉन्सेप्ट?

धमधा रोड स्थित कोसी रिसोर्ट में शनिवार रात एक थीम बेस्ड पार्टी आयोजित की जानी थी, जिसे ‘फेक मैरिज पार्टी’ नाम दिया गया था। आयोजन में केवल कपल एंट्री रखी गई थी और प्रति कपल 499 रुपए शुल्क तय किया गया था। पार्टी में शामिल होने वाले लोगों को दूल्हा-दुल्हन के ड्रेस कोड में आने के लिए कहा गया था। इसके अलावा डीजे नाइट और मनोरंजन से जुड़ी अन्य तैयारियां भी की गई थीं। सोशल मीडिया और प्रचार सामग्री के जरिए जैसे ही आयोजन की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंची, इसे लेकर विरोध शुरू हो गया।

ग्रामीणों ने क्यों जताई आपत्ति?

विरोध कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि हिंदू विवाह केवल एक सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक संस्कार है। ऐसे में शादी को “मनोरंजन” या “थीम पार्टी” के रूप में पेश करना परंपराओं और धार्मिक भावनाओं के खिलाफ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस तरह के आयोजन समाज में गलत संदेश देते हैं और युवाओं के बीच विवाह जैसी संस्था की गंभीरता कम कर सकते हैं। लोगों ने रिसोर्ट पहुंचकर कार्यक्रम को तत्काल रद्द करने की मांग की।

देर रात बढ़ा तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा

विरोध की सूचना मिलने पर जेवरा-सिरसा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों और रिसोर्ट प्रबंधन के बीच तीखी बहस भी हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आयोजन को लेकर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ने और सामाजिक तनाव बढ़ने की आशंका थी। इसी के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए।

रिसोर्ट मैनेजर पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

मामले में पुलिस ने कोसी रिसोर्ट के मैनेजर ब्रह्म दत्त पांडे के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने कहा कि यदि किसी आयोजन से सामाजिक या धार्मिक विवाद की स्थिति बनने की आशंका होती है, तो प्रशासन कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई करेगा।

विवाद बढ़ने पर आयोजन स्थगित

लगातार बढ़ते विरोध और प्रशासनिक दबाव के बीच रिसोर्ट प्रबंधन ने ‘फेक मैरिज पार्टी’ को स्थगित करने का फैसला लिया। प्रबंधन की ओर से तेज गर्मी और मौसम को इसकी वजह बताया गया, हालांकि स्थानीय स्तर पर माना जा रहा है कि विरोध प्रदर्शन के कारण ही कार्यक्रम को रोकना पड़ा।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS FURGNEWS JEVRASHIRSACHAUKINEWS DURGJEVRASIRSACHUKINEWS FAKEMARRIGAGEPARTYNEWS FAKEMARRIGAGEPARTYNEWSKOLEKARBAVALNEWS RISHORTMENEGARPARKAARVAINEWS MENEGERPARKARRVAINEWS

You might also like!