सराफा व्यापारी को गोली मारकर 60 लाख की लूट, मौत के बाद व्यापारियों ने किया बंद का ऐलान



post

पब्लिक स्वर,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में मंगलवार रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। कोटमी साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाकर लौट रहे सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी और सोने-चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लूटे गए जेवरों की कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई जा रही है।

घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित व्यापारियों और परिजनों ने जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया और शव को अपने कब्जे में लेकर देर रात तक सड़क जाम रखा। घटना के विरोध में सर्राफा व्यापारी संगठन समेत अन्य व्यापारिक संगठनों ने बुधवार को पेंड्रा बंद का ऐलान किया है।

दुकान समेटते समय हमला

जानकारी के अनुसार, प्रदीप सोनी मंगलवार (26 मई) को पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी साप्ताहिक बाजार में अपनी सर्राफा दुकान लगाए हुए थे। रात करीब 7 बजे जब वे दुकान बंद कर रहे थे, उसी दौरान एक पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाश मौके पर पहुंचे। बदमाशों ने व्यापारी से सोने-चांदी का बैग छीनने की कोशिश की।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रदीप सोनी ने लूट का विरोध किया तो आरोपियों ने बेहद करीब से उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही व्यापारी जमीन पर गिर पड़े और बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बैग लेकर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

घटना की सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टर प्रशांत रात्रे ने बताया कि व्यापारी की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। उनके सीने के दाहिने हिस्से में गोली लगी थी। फिलहाल शव से एक गोली बरामद हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कितनी गोलियां चलाई गई थीं।

6 जिलों में नाकेबंदी, पुलिस की कई टीमें सक्रिय

घटना के बाद पुलिस ने इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है। मौके से खून के धब्बे और खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में बिलासपुर, कोरबा, मनेन्द्रगढ़, अनूपपुर, डिंडोरी और कोरिया जिलों में नाकेबंदी कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। सीमावर्ती जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

व्यापारियों में भारी आक्रोश

व्यापारी की हत्या के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी नाराजगी है। देर रात तक अस्पताल परिसर और सड़क पर विरोध प्रदर्शन चलता रहा। व्यापारियों का आरोप है कि इलाके में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था कमजोर बनी हुई है। घटना को लेकर सर्राफा व्यापारी संगठन ने पेंड्रा बंद का आह्वान किया है। व्यापारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS GPMNEWS GAURELAPENDRAMARVAHINEWS SARAFAVYAPATIKOMARIGOLINEWS 60LAKHKILOOTNEWS SARAFAVYAPARIKOGOLIMARKARLOOTNEWS TEENBADMASHONESARAFAVYAPARIKOMARIGOLINEWS 6JILOMENAKABANDINEWS

You might also like!