KYC कराने घर से निकली महिला का बंद स्कूल परिसर में मिला शव, इलाके में फैली सनसनी



post

पब्लिक स्वर,मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़ शहर के लोको मुहल्ला स्थित एक बंद पड़े स्कूल परिसर में महिला का शव फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह मदन प्रसाद स्कूल के अहाते में शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान बबिता यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, बबिता सोमवार दोपहर घर से यह कहकर निकली थी कि वह केवाईसी (KYC) कराने जा रही है। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर लोको मुहल्ले में स्थित बंद पड़े मदन प्रसाद स्कूल परिसर पर पड़ी। स्कूल पिछले करीब दो वर्षों से बंद बताया जा रहा है। लोगों ने स्कूल के अहाते में एक थैला और चप्पल देखी, जिसके बाद शक होने पर अंदर जाकर देखा गया। वहां एक महिला का शव फंदे पर झूलता मिला। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी वार्ड पार्षद सपन महतो को दी गई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सिटी कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस आसपास के लोगों, परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों को भी जांच के दायरे में लिया गया है। फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS MANENDRGADHNEWS SCHOOLPARISHARMEMILMAHILAKASHAVNEWS SCHIOLMELATKAMILAMAHILAKASHAVNEWS FANSIPARLATKAMILAMAHILAKASHAVNEWS KYCKARANENIKLIMAHILAKASHAVNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER