पब्लिक स्वर,दुर्ग। दुर्ग जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। कुम्हारी थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में तीन वयस्क और एक करीब चार साल का मासूम बच्चा शामिल है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुम्हारी स्थित एक मकान में अचानक जोरदार धमाके के साथ गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना तेज था कि कुछ ही सेकंड में पूरे घर में आग फैल गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य संभल पाते, उससे पहले आग ने उन्हें घेर लिया और वे बाहर नहीं निकल सके।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद घर के भीतर से चार लोगों के शव बरामद किए गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह गैस रिसाव के बाद सिलेंडर ब्लास्ट होना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और तकनीकी टीम मामले की जांच कर रही है।

User 1












