बस स्टैंड के पास हवा भरने वाला टैंक फटने से 23 वर्षीय युवक की मौत



post

पब्लिक स्वर,सक्ती। सक्ती जिले के चंद्रपुर नगर में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बस स्टैंड परिसर के पास हवा भरने वाला टैंक अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। हादसे में 23 वर्षीय युवक जुनैद खान की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक चंद्रपुर के वार्ड क्रमांक 4 मंडी पारा का रहने वाला था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अचानक जोरदार धमाका हुआ। आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की दुकानों में बैठे लोग और राहगीर घबराकर बाहर निकल आए। कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि जिस टैंक में हवा भरी जा रही थी, वह अचानक फट गया। हालांकि विस्फोट किन कारणों से हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

कुछ महीने पहले ही हुई थी शादी

मृतक जुनैद खान की कुछ महीने पहले ही शादी हुई थी। युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर मिलते ही परिजन और मोहल्ले के लोग अस्पताल और घटनास्थल पहुंच गए। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

तकनीकी लापरवाही की आशंका

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि टैंक में तकनीकी खराबी थी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड और हाईवे किनारे कई जगहों पर बिना सुरक्षा जांच के हवा भरने वाले उपकरण और गैस टैंक संचालित किए जाते हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।


पुलिस जुटी जांच में

फिलहाल पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच कर रही है और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। हादसे के तकनीकी कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की मदद भी ली जा सकती है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS SAKTINEWS CHANDRPURNAGARNEWS SAKTICANDRPURNAGARNEWS BASSTENDKEPAASFATATAINKNEWS HAVABHARNEVALATAINKFATANEWS 23VARSHIYYUVAKKIMAUTNEWS YUVAKIMAUTNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER