पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में देर रात लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। फल बेचकर घर लौट रहे एक युवक को उसके ही परिचित ने तीन साथियों के साथ मिलकर घेर लिया और बंदूक व चाकू की नोक पर 36,600 रुपए लूटकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, मौदहापारा निवासी शेख शाहिल बाम्बे मार्केट में फल का ठेला लगाता है। सोमवार रात करीब 10:20 बजे वह रोज की तरह दुकान बंद कर दिनभर की कमाई लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान तालाबपार स्थित महतो गैरेज के पास फिरोज कबाड़ी गली में उसके पिता का पुराना परिचित राजा बैझड़ अपने तीन साथियों के साथ बाइक और एक्टिवा से वहां पहुंचा।
बताया जा रहा है कि आरोपी राजा बैझड़ ने शाहिल को अल्ताफ नामक व्यक्ति का घर पूछने के बहाने बातचीत में उलझाया। पुरानी पहचान होने के कारण शाहिल को किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ और वह आरोपियों के साथ गली की ओर चला गया। इसी बीच चारों आरोपियों ने अचानक उसे घेर लिया।
पीड़ित के अनुसार, एक आरोपी ने पीछे से उसका गला पकड़ लिया, जबकि अन्य ने उसके हाथ जकड़ लिए। इसके बाद आरोपियों ने बंदूक और चाकू दिखाकर उसकी जेब में रखे 36,600 रुपए छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से बाइक और एक्टिवा में फरार हो गए। घटना के बाद घबराए शाहिल ने पहले अपने परिचितों को सूचना दी और फिर परिजनों के साथ मौदहापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने आरोपी राजा बैझड़ और उसके तीन साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।
परिचित पर भरोसा बना वारदात की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पुरानी पहचान का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की संभावित लोकेशन के आधार पर तलाश की जा रही है।
बाजार बंद होने के बाद बढ़ रही वारदातें
शहर में देर रात कारोबारियों और छोटे व्यापारियों को निशाना बनाने की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। खासकर नकदी लेकर लौटने वाले फल, सब्जी और छोटे व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भी नाराजगी देखी जा रही है।

User 1











