पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय वन सेवा (IFS) के वरिष्ठ अधिकारी अरूण पांडे को राज्य का नया प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) एवं वन बल प्रमुख नियुक्त किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। वे वर्तमान PCCF व्ही. श्रीनिवासन राव का स्थान लेंगे, जो 31 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, नए PCCF की नियुक्ति को लेकर मंत्रालय में विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों अरूण पांडे, अनिल साहू और कौशलेंद्र कुमार के नामों पर विचार किया गया। विस्तृत चर्चा के बाद सरकार ने अरूण पांडे के नाम पर अंतिम मुहर लगाई।
अरूण पांडे वन विभाग में लंबे प्रशासनिक अनुभव वाले अधिकारी माने जाते हैं। उनकी नियुक्ति को लेकर विभागीय स्तर पर भी सकारात्मक प्रतिक्रिया देखी जा रही है। अब उनके नेतृत्व में राज्य में वन संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

User 1










