पब्लिक स्वर,बालोद। बालोद जिले के बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़कीभाट में घरेलू विवाद का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रात के खाने में लौकी की सब्जी बनने से नाराज पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर खौलता पानी फेंक दिया। घटना में महिला झुलस गई, जिसे डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पड़कीभाट निवासी रूमा साहू ने रात के भोजन में लौकी की सब्जी बनाई थी। काम से घर लौटे उसके पति महेश साहू को यह सब्जी पसंद नहीं आई। उसने अंडे की सब्जी बनाने की बात को लेकर नाराजगी जताई, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान महेश साहू खुद अंडे खरीदकर घर लाया और उन्हें उबालने लगा। इसी बीच दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि गुस्से में आकर उसने उबलता हुआ पानी पत्नी पर फेंक दिया, जिससे रूमा साहू की जांघ गंभीर रूप से झुलस गई।
घटना के बाद घायल महिला ने तत्काल डायल-112 पर मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। बालोद एसडीओपी बोनिफास एक्का ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी महेश साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

User 1









