सुशासन तिहार में समस्याओं के बीच आई गोवा ब्रांड की मांग, समाधान शिविर में छाया मामला



post

पब्लिक स्वर,महासमुंद। छत्तीसगढ़ सरकार के “सुशासन तिहार 2026” के तहत लगाए जा रहे समाधान शिविरों में जहां लोग अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के सामने रख रहे हैं, वहीं शुक्रवार को पिथौरा विकासखंड के ग्राम मुढ़ीपार में आयोजित शिविर में एक अनोखी मांग चर्चा का विषय बन गई। यहां आबकारी विभाग को लिखित आवेदन देकर मदिरा दुकानों में “गोवा ब्रांड” की शराब उपलब्ध कराने की मांग की गई।

समाधान शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

शिविर के दौरान आबकारी विभाग के अधिकारी ने जानकारी दी कि जिलेभर में विभाग को अब तक कुल दो शिकायतें मिली हैं और दोनों में ही मदिरा दुकानों में गोवा ब्रांड की शराब उपलब्ध कराने की मांग की गई है। अधिकारी की यह बात सुनते ही मंच पर मौजूद प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल मुस्कुरा पड़े, जिससे शिविर में मौजूद लोगों के बीच हल्की हंसी का माहौल बन गया।

हालांकि मंत्री बघेल ने स्पष्ट कहा कि समाधान शिविर में आने वाले हर आवेदन का गंभीरता से निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “कोई भी आवेदन कचरे के डब्बे में नहीं जाएगा” और सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

गौरतलब है कि “सुशासन तिहार 2026” के तहत आयोजित समाधान शिविरों में आमजन अपनी समस्याएं, मांगें और सुझाव सीधे प्रशासन तक पहुंचा रहे हैं। शिविरों में विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देकर समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रयास किया जा रहा है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS MAHASAMUNDNEWS PITHURANEWS MAHASAMUNDPITHAURANEWS SUSASANTIHARMESAMASYAONKEBICHAAIGOVABRANDNEWS SUSASANSHIVIRMEGOVABRANDKIMANGNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER