रायपुर में आईपीएल के बाद अब जमेगा महिला इंटरनेशनल क्रिकेट मैच का रंग, पहली बार होगा ऐतिहासिक इंटरनेशनल मुकाबला



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। आईपीएल की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि रायपुर को एक और बड़ी क्रिकेट सौगात मिल गई है। इस बार मैदान पर चौके-छक्कों का रोमांच बिखेरेंगी भारतीय महिला क्रिकेटर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में अक्टूबर महीने में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच टी-20 सीरीज खेली जाएगी। खास बात यह है कि रायपुर पहली बार किसी महिला इंटरनेशनल क्रिकेट मैच की मेजबानी करेगा।

यह सीरीज सिर्फ एक क्रिकेट आयोजन नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट के लिए नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है। पहली बार जिम्बाब्वे महिला टीम भारत दौरे पर आएगी और पहली बार छत्तीसगढ़ की धरती पर भारतीय महिला टीम इंटरनेशनल मुकाबला खेलेगी। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह किसी बड़े त्योहार से कम नहीं होगा।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक, टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 16 अक्टूबर को रायपुर में खेला जाएगा। इसके बाद वनडे सीरीज की शुरुआत 23 अक्टूबर से बड़ौदा में होगी। महिला क्रिकेट को नए शहरों तक पहुंचाने की बीसीसीआई की रणनीति में रायपुर अब अहम केंद्र बनकर उभर रहा है।

अब तक यह स्टेडियम आईपीएल और पुरुष इंटरनेशनल मुकाबलों की वजह से सुर्खियों में रहता था, लेकिन इस बार महिला क्रिकेट यहां नया इतिहास लिखने वाली है। लंबे समय से रायपुर में महिला इंटरनेशनल मैच कराने की मांग उठ रही थी, जिसे आखिरकार मंजूरी मिल गई। खबर सामने आते ही क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

दिलचस्प बात यह भी है कि भारत और जिम्बाब्वे महिला टीमों के बीच अब तक कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है। दोनों टीमें केवल आईसीसी टूर्नामेंट्स में आमने-सामने आई हैं। ऐसे में रायपुर इस ऐतिहासिक क्रिकेट अध्याय का गवाह बनने जा रहा है।

उधर, प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए जून महीना भी कम खास नहीं रहने वाला। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग यानी सीसीपीएल का आयोजन भी इसी साल जून में होगा। आईपीएल की तर्ज पर होने वाले इस टी-20 लीग में प्रदेशभर के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का दम दिखाएंगे।

लगातार बड़े क्रिकेट आयोजनों की मेजबानी मिलने से रायपुर अब सिर्फ राजधानी नहीं, बल्कि देश का उभरता क्रिकेट डेस्टिनेशन बनता जा रहा है। आने वाले समय में यहां और भी बड़े इंटरनेशनल मुकाबलों की दस्तक सुनाई दे सकती है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS RAIPURNEWS IPLNEWS RAIPURMEIPLKEBAADABMAHILAINTERNATIONALMATCHKARANGNEWS IPLKEBAADABMAHILAINTERNATIONALMATCHKARANGNEWS PAHLIBARHOGAEHTIHASIKMUKABLANEWS EHTIHASIKMUKABLANEWS SEDYULJARINEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER