रायपुर के बाद दुर्ग-बिलासपुर में भी कमिश्नरेट सिस्टम की तैयारी!, डिप्टी CM विजय शर्मा ने दिए संकेत



post

पब्लिक स्वर,रायपुर । रायपुर के बाद अब छत्तीसगढ़ के दुर्ग और बिलासपुर में भी पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने पर विचार किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आग्रह करने की बात कही है।

मीडिया से चर्चा के दौरान विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से पुलिस कमिश्नर प्रणाली की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्होंने बताया कि अलग-अलग विभागों से जुड़े छोटे-छोटे मामलों के कारण कई निर्णय लंबित हो जाते थे, जिससे प्रशासनिक प्रक्रिया प्रभावित होती थी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में रायपुर में कमिश्नरेट प्रणाली लागू है और जरूरत के अनुसार इसका विस्तार किया जाना चाहिए। इसी कड़ी में अब दुर्ग और बिलासपुर में भी इस व्यवस्था को लागू करने की दिशा में विचार किया जा रहा है। विजय शर्मा ने कहा कि वे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से दोनों शहरों में कमिश्नरेट प्रणाली शुरू करने का आग्रह करेंगे।

क्या है कमिश्नरेट प्रणाली?

कमिश्नरेट प्रणाली में शहर की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस आयुक्त (कमिश्नर) के हाथों में होती है। इससे कई प्रशासनिक निर्णय तेजी से लिए जा सकते हैं और कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलती है।

क्या हो सकता है फायदा?

यदि दुर्ग और बिलासपुर में यह प्रणाली लागू होती है, तो कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण में तेजी लाने और प्रशासनिक निर्णयों को सरल बनाने में मदद मिल सकती है। रायपुर में पहले से लागू इस व्यवस्था के अनुभव को भी आधार बनाया जा सकता है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS RAIPURNEWS DURGBUILASPURNEWS POLICECOMMISSIONERETKITAYYARINEWS DURGBUILASPURMEPOLICECOMMISSIONERETKITAYYARINEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER